पटना में होटल के कमरे से ब्रिटिश नागरिक का शव बरामद, पुलिस जांच में जुटी

Shashi Bhushan Kumar

पटना
बिहार की राजधानी पटना में एक होटल के कमरे से ब्रिटिश नागरिक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।

मृतक की पहचान अजय कुमार शर्मा के रूप में हुई है, जो ब्रिटिश नागरिक बताए जा रहे हैं और सेवानिवृत्ति के बाद भारत आए थे। वह 18 जनवरी से पटना के एक होटल में ठहरे हुए थे।

होटल कर्मचारियों के अनुसार, रविवार को उन्होंने सामान्य रूप से खाना-पीना किया था, लेकिन इसके बाद सोमवार को उनके कमरे से किसी प्रकार की हलचल नहीं दिखी। न तो वे बाहर आए और न ही किसी से संपर्क किया। जब सुबह कई बार दरवाजा खटखटाने के बावजूद कोई जवाब नहीं मिला, तो होटल प्रबंधन ने इसकी सूचना पुलिस को दी।

सूचना मिलते ही जक्कनपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा खोलकर कमरे की जांच की। अंदर अजय कुमार शर्मा का शव बिस्तर पर पड़ा मिला। घटना की जानकारी मिलने के बाद वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे और होटल कर्मियों से पूछताछ की गई।

पुलिस ने होटल में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले हैं और रिसेप्शन के एंट्री-एग्जिट रजिस्टर की भी जांच की जा रही है।

जक्कनपुर थाना प्रभारी ऋतुराज कुमार सिंह ने बताया कि एफएसएल टीम को बुलाकर कमरे का विधिवत निरीक्षण कराया गया है और वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए गए हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए पटना मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया गया है। मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

फिलहाल मौत के कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।

Share This Article
Digital Head,Live-7, Committed to impactful journalism, Shashi Bhushan Kumar continues to bring meaningful narratives to the public with diligence and passion. Active Journalist since 2012.
Leave a Comment