रांची/सिमडेगा: तोरपा विधानसभा क्षेत्र की जनता को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा एवं आपातकालीन सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से रविवार को तोरपा प्रखंड कार्यालय परिसर स्थित टाउन हॉल में एंबुलेंस एवं शव वाहन वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान विधायक मद से उपलब्ध कराए गए 7 एंबुलेंस और 3 शव वाहनों का लोकार्पण कर उन्हें तोरपा, बानो, रनिया और कर्रा प्रखंड की जनता को समर्पित किया गया।कार्यक्रम में विधायक सुदीप गुड़िया, झामुमो जिलाध्यक्ष जुबैर अहमद, जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने संयुक्त रूप से वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। सभा को संबोधित करते हुए विधायक सुदीप गुड़िया ने कहा कि दूर-दराज के ग्रामीण क्षेत्रों में समय पर स्वास्थ्य सुविधा पहुंचाना उनकी प्राथमिकता है। एंबुलेंस और शव वाहनों की उपलब्धता से मरीजों को अस्पताल पहुंचाने में सुविधा होगी तथा आपातकालीन परिस्थितियों में लोगों को राहत मिलेगी।

झामुमो जिलाध्यक्ष जुबैर अहमद ने कहा कि इस पहल से हजारों ग्रामीणों को सीधा लाभ मिलेगा। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, झामुमो कार्यकर्ता एवं ग्रामीण उपस्थित रहे। क्षेत्रवासियों ने इस पहल को जनकल्याण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताते हुए इसकी सराहना की।
विधायक सुदीप गुड़िया की पहल को मिल रही सराहना, क्षेत्र में बना चर्चा का विषय
बानो/ रानिया/ तोरपा/ कर्रा सहित अन्य प्रखंडों में विधायक सुदीप गुड़िया द्वारा शुरू की गई जनहितकारी पहल की क्षेत्रभर में सराहना हो रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह प्रयास आने वाले समय में मील का पत्थर साबित होगा और इससे आम जनता को सीधा लाभ मिलेगा। विधायक की सकारात्मक सोच और विकासोन्मुख कार्यों को लेकर लोगों में उत्साह देखा जा रहा है। क्षेत्र की जनता ने उनके इस कदम के लिए आभार व्यक्त करते हुए इसे जनकल्याण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया है।


