क्षतिग्रस्त रेलवे पुल से गुजरीं राजधानी समेत कई ट्रेनें, समय रहते टला बड़ा रेल हादसा

Shashi Bhushan Kumar

रविवार को लोहरदगा–रांची–टोरी रेलखंड पर एक गंभीर रेल दुर्घटना होते-होते टल गई। कोयल नदी पर बने एक रेलवे पुल में गंभीर खामियां पाए जाने के बावजूद कई महत्वपूर्ण ट्रेनें उसी पुल से गुजर चुकी थीं। राहत की बात यह रही कि समय रहते स्थिति पर ध्यान गया और किसी भी प्रकार की अनहोनी नहीं हुई।

जानकारी के अनुसार, लोहरदगा के पास स्थित रेलवे पुल संख्या 115 पहले से ही क्षतिग्रस्त था। पुल के पिलर संख्या पांच में दरार की मरम्मत का कार्य चल रहा था, लेकिन इसके बावजूद ट्रेनों का परिचालन जारी रखा गया। इसी दौरान राजधानी एक्सप्रेस, सासाराम एक्सप्रेस और लोहरदगा–रांची मेमू पैसेंजर ट्रेन इस पुल से होकर गुजर गईं।

बाद में इंजीनियरिंग विभाग की टीम को पुल के पिलर संख्या चार में भी गंभीर दरार नजर आई। इसके बाद रेलवे प्रशासन हरकत में आया और रविवार पूर्वाह्न लगभग 10:10 बजे पुल से सभी ट्रेनों का परिचालन तत्काल प्रभाव से रोक दिया गया। इस निर्णय के बाद यात्रियों के बीच हड़कंप मच गया।

समय रहते रांची से लोहरदगा जा रही एक ट्रेन को पुल तक पहुंचने से पहले ही रोक दिया गया, जिससे एक बड़े हादसे की आशंका टल गई। हालांकि इससे पहले कई ट्रेनों का उसी असुरक्षित पुल से गुजरना रेलवे की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करता है।

अचानक ट्रेन रोके जाने के कारण यात्रियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ा। रांची से लोहरदगा जा रही मेमू ट्रेन को बीच रास्ते में रोका गया, जिसके बाद यात्रियों को ट्रेन से उतरकर पैदल रेलवे ट्रैक पार कर आगे जाना पड़ा।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए रेलवे ने वैकल्पिक व्यवस्था लागू की है। रांची–नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस को फिलहाल लोहरदगा की बजाय मेसरा–बरकाकाना–टोरी मार्ग से चलाने का फैसला लिया गया है। इसके अलावा 7 जनवरी तक लोहरदगा स्टेशन से किसी भी ट्रेन का परिचालन बंद रहेगा।

  • रांची–सासाराम एक्सप्रेस 5 से 7 जनवरी तक रद्द रहेगी
  • सासाराम–रांची एक्सप्रेस 6 से 8 जनवरी तक रद्द रहेगी
  • मेमू पैसेंजर ट्रेनों का संचालन 5 से 7 जनवरी तक केवल रांची से नगजुआ स्टेशन तक सीमित रहेगा

रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, पुल संख्या 115 के पिलर चार और पांच में गंभीर संरचनात्मक दरार पाए जाने के बाद पुल को असुरक्षित घोषित किया गया है। निरीक्षण के दौरान यह स्पष्ट हुआ कि पुल से ट्रेनों का संचालन जारी रखना जोखिम भरा हो सकता था।

गौरतलब है कि रविवार सुबह ही नई दिल्ली से आई राजधानी एक्सप्रेस लोहरदगा स्टेशन पहुंची थी और कुछ ही देर बाद इसी पुल से होकर रांची के लिए रवाना हुई थी। इसके बाद सासाराम एक्सप्रेस भी उसी मार्ग से गुजरी। बाद में पुल की स्थिति गंभीर पाए जाने पर परिचालन रोकने का निर्णय लिया गया।

फिलहाल लोहरदगा क्षेत्र की प्रमुख रेल सेवाओं में शामिल लोहरदगा–रांची पैसेंजर, राजधानी एक्सप्रेस और सासाराम एक्सप्रेस का लोहरदगा स्टेशन तक संचालन पूरी तरह बंद कर दिया गया है।

Share This Article
Live-7 TV
Leave a Comment