हेरिटेज म्यूज़ियम लाइब्रेरी को वंदना टेटे ने भेंट की पुस्तकें

Ravikant Mishra

सिमडेगा: आदिवासी साहित्य, संस्कृति और भाषा के संरक्षण के क्षेत्र में सक्रिय वरिष्ठ साहित्यकार वंदना टेटे ने प्यारा केरकेट्टा फाउंडेशन की ओर से हेरिटेज म्यूज़ियम लाइब्रेरी को विभिन्न विषयों की पुस्तकें भेंट कीं। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि पुस्तकालय ज्ञान, संस्कृति और समाज को जोड़ने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि पुस्तकों का अधिक से अधिक लोगों तक पहुँचना आवश्यक है, ताकि अध्ययन और शोध की संस्कृति को बढ़ावा मिल सके।

हेरिटेज म्यूज़ियम लाइब्रेरी की ओर से डीपीएम शांति मारडी ने वंदना टेटे का स्वागत करते हुए उनके इस योगदान के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि भेंट की गई पुस्तकें विद्यार्थियों, शोधार्थियों, साहित्यकारों और आम पाठकों के लिए अत्यंत उपयोगी साबित होंगी। इससे पुस्तकालय का संग्रह और अधिक समृद्ध होगा तथा स्थानीय इतिहास, आदिवासी साहित्य और संस्कृति के अध्ययन को नई दिशा मिलेगी।

इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने वंदना टेटे के इस सराहनीय प्रयास की प्रशंसा करते हुए कहा कि समाज के प्रबुद्ध वर्ग द्वारा पुस्तकालयों को इस प्रकार का सहयोग ज्ञान-विस्तार और पठन-पाठन की संस्कृति को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। साथ ही लोगों से पुस्तकालयों को समृद्ध बनाने के लिए आगे आने की अपील भी की गई।

Share This Article
BUREAU CHIEF
Follow:
*शीलं परमं भूषणम्*
Leave a Comment