बानो: सिमडेगा जिले के बानो प्रखंड अंतर्गत पाबुड़ा से नीमतुर केबेटांग जाने वाली सड़क पहली ही बारिश में जर्जर हो गई है। सड़क के कई हिस्सों में बड़े-बड़े गड्ढे, दरारें और कटाव बनने से लोगों का आवागमन मुश्किल हो गया है। यह महत्वपूर्ण मार्ग बानो, नीमतुर, खिजुर्बाहर और गेरदा होते हुए ओडिशा को जोड़ता है। प्रतिदिन इस सड़क से सैकड़ों ग्रामीणों के अलावा बाइक, कार, टेंपो, ट्रैक्टर, बोलेरो तथा अन्य छोटे-बड़े वाहन गुजरते हैं। लगातार बारिश के कारण सड़क का आधे से अधिक हिस्सा क्षतिग्रस्त हो चुका है, जिससे दुर्घटना की आशंका बढ़ गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते मरम्मत नहीं कराई गई तो सड़क दो हिस्सों में टूट सकती है और कई गांवों का संपर्क प्रभावित हो जाएगा। ग्रामीणों ने प्रशासन से अविलंब सड़क की मरम्मत कराने की मांग करते हुए कहा है कि समय रहते आवश्यक कदम उठाए जाएं, ताकि लोगों का आवागमन सुरक्षित और सुचारु बना रहे तथा किसी भी संभावित दुर्घटना से बचाव हो सके।


