रांची। हीरो हॉकी इंडिया लीग (HIL) 2025-26 के लिए SG पाइपर्स की महिला टीम ने रांची में एकजुट होकर अपनी तैयारियों की औपचारिक शुरुआत कर दी है। 28 दिसंबर 2025 से 10 जनवरी 2026 तक आयोजित होने वाली इस हाई-प्रोफाइल लीग में SG पाइपर्स नई ऊर्जा, स्पष्ट रणनीति और मजबूत संयोजन के साथ मैदान पर उतरने के लिए तैयार दिख रही है। हॉकी प्रेमियों के शहर रांची में टीम का आगमन इस सीज़न के लिए एक अहम पड़ाव माना जा रहा है।
टीम को इस बार नई दिशा देने के लिए हेड कोच के रूप में सोफी गर्ट्स को जिम्मेदारी सौंपी गई है। उनके साथ भारतीय हॉकी की दिग्गज और पूर्व कप्तान हेलेन मैरी का मार्गदर्शन भी टीम को मिल रहा है। कोचिंग सेटअप में यह बदलाव ऐसे समय में हुआ है, जब टूर्नामेंट छोटा, मुकाबले कड़े और हर मैच निर्णायक साबित हो सकता है। टीम प्रबंधन का मानना है कि अनुभव और आधुनिक कोचिंग का यह मेल खिलाड़ियों के प्रदर्शन को नई ऊंचाई देगा।
SG पाइपर्स की कप्तानी अनुभवी भारतीय फॉरवर्ड नवनीत कौर के हाथों में है। नवनीत ने 2025 में 200 अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने का ऐतिहासिक मुकाम हासिल किया है और वह भारतीय हॉकी की सबसे अनुभवी अटैकर्स में शुमार हैं। बीते एक साल में उन्होंने कई हाई-प्रेशर मुकाबलों में टीम इंडिया की ओर से अहम भूमिका निभाई है। उनकी मौजूदगी से SG पाइपर्स की फॉरवर्ड लाइन को मजबूती मिलती है और अटैकिंग सर्कल में निरंतर दबाव बनाने की क्षमता बढ़ती है।
डिफेंस की बात करें तो उदिता इस सीज़न टीम की रीढ़ साबित हो सकती हैं। महिला एशिया कप 2025 में ‘प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट’ रह चुकी उदिता ने अपने मजबूत डिफेंस के साथ-साथ पेनल्टी कॉर्नर से गोल करने की क्षमता भी दिखाई है। उनके नेतृत्व में डिफेंस लाइन न सिर्फ सधी हुई दिखती है, बल्कि आक्रमण में भी योगदान देती है।
टीम की एक बड़ी ताकत इसका अंतरराष्ट्रीय और विविध संयोजन है। अलग-अलग हॉकी खेलने वाले देशों की खिलाड़ियों के शामिल होने से SG पाइपर्स को हर पोजीशन पर गहराई और रणनीतिक लचीलापन मिलता है। छोटे टूर्नामेंट में, जहां रिकवरी का समय कम होता है, यह विविधता टीम के लिए निर्णायक साबित हो सकती है।
रांची पहुंचने के बाद हेड कोच सोफी गर्ट्स ने कहा कि हॉकी के प्रति जुनूनी शहर में इस प्रतिभाशाली टीम के साथ काम करना रोमांचक है। उन्होंने कहा कि टीम संतुलित है और सभी खिलाड़ी सीज़न शुरू होने से पहले सही तैयारी पर फोकस कर रहे हैं। वहीं कप्तान नवनीत कौर ने भरोसा जताया कि टीम आत्मविश्वास से भरी हुई है और हर मुकाबले में पूरी ताकत के साथ उतरने के लिए तैयार है।
पिछले सीज़न से मिले अनुभवों को ध्यान में रखते हुए SG पाइपर्स इस बार बेहतर एग्जीक्यूशन, दोनों सर्कल में निर्णायक क्षणों को जीतने और हर क्वार्टर में प्रतिस्पर्धी बने रहने के लक्ष्य के साथ मैदान में उतरेगी। रांची में लीग की वापसी के साथ SG पाइपर्स महिला टीम इरादों की स्पष्टता और मजबूत तैयारी के साथ अंक तालिका में ऊपर रहने की कोशिश करेगी।

