नयी दिल्ली, 30 सितंबर (लाइव 7) दिल्ली सरकार ने भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता प्रोफेसर विजय कुमार मल्होत्रा के निधन पर एक दिन (बुधवार) का राजकीय शोक की घोषणा की है।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने प्रो. मल्होत्रा के निधन पर शोक व्यक्त किया और कहा कि उनका निधन अत्यंत पीड़ादायक और अपूरणीय क्षति है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा उनका अंतिम संस्कार पूरे सम्मान के साथ किया जाएगा।
श्रीमती गुप्ता ने मंगलवार को प्रोफेसर मल्होत्रा के निवास पर जाकर उन्हें ंजलि अर्पित की और कहा कि उनका निधन अत्यंत पीड़ादायक और अपूरणीय क्षति है। उन्होंने कहा कि दिल्ली के सांसद और विधायक रहे प्रो. मल्होत्रा भारतीय जनसंघ और भाजपा की प्रथम पंक्ति के योद्धा थे। उन्होंने न केवल दिल्ली की राजनीति को दिशा दी, बल्कि एक सच्चे जनसेवक के रूप में जनसेवा के नए मानक स्थापित किए। दिल्ली भाजपा के प्रथम अध्यक्ष के रूप में उन्होंने संगठन की नींव को मजबूत किया और असंख्य कार्यकर्ताओं को सेवा, अनुशासन और समर्पण का मार्ग दिखाया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रो. मल्होत्रा का जीवन राष्ट्रनिष्ठा, संगठन कौशल और सादगी का जीता-जागता उदाहरण रहा। वह हम सभी कार्यकर्ताओं के लिए पितृ-तुल्य मार्गदर्शक थे। उनका निःस्वार्थ और समर्पित जीवन हमेशा हम सबके लिए प्रेरणा का स्रोत रहेगा। उन्होंने कहा कि उनका जाना न केवल भाजपा परिवार के लिए, बल्कि दिल्ली के सामाजिक और राजनीतिक जीवन के लिए भी एक गहरी शून्यता छोड़ गया है। उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना की कि दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और शोक संतप्त परिवारजनों तथा कार्यकर्ताओं को यह असहनीय दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करें।
आजाद
लाइव 7
दिल्ली सरकार ने प्रोफेसर मल्होत्रा के सम्मान में एक दिन का राजकीय शोक घोषित किया
Leave a Comment
Leave a Comment

