CHATRA
झारखंड के चतरा से बड़ी खबर सामने आई है। उत्पाद विभाग और वशिष्टनगर जोरी थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने शराब माफियाओं के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक मिनी अवैध शराब फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया। इस कार्रवाई में करीब पांच लाख रुपये की नकली शराब जब्त की गई और अंतर्राज्यीय गिरोह के तीन तस्कर गिरफ्तार किए गए। यह छापा झारखंड-बिहार बॉर्डर के पोस्तीया गांव में मारा गया, जहां आरोपी अनिल यादव के घर में अवैध फैक्ट्री संचालित हो रही थी।

छापेमारी के दौरान टीम ने 1318 बोतलों में भरी 567 लीटर नकली शराब जब्त की। शराब को रॉयल स्टेग व्हिस्की के लेबल में तैयार किया गया था। इसके अलावा नकली स्टिकर, ढक्कन और 35 लीटर कच्चा स्प्रिट भी बरामद हुआ। तीन तस्करों को गिरफ्तार किया गया, जबकि कई अन्य मौके से फरार हो गए।
उत्पाद अवर निरीक्षक अभिषेक आनंद ने बताया कि डीसी कीर्ति श्री के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई। उन्होंने कहा कि फरार तस्करों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी चल रही है। प्रारंभिक जांच में यह सामने आया कि नकली शराब बिहार में सप्लाई करने की तैयारी में थी।
इस अभियान में उत्पाद विभाग के अलावा वशिष्टनगर जोरी थाना पुलिस भी शामिल थी। मामले में प्राथमिकी दर्ज कर पूरी टीम पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है। इस कार्रवाई ने शराब माफियाओं में हड़कंप मचा दिया है।

