अजित पवार विमान हादसा: ब्लैक बॉक्स डेटा निकालने का काम शुरू, जांच तेज

Shashi Bhushan Kumar

पुणे — महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार से जुड़े विमान हादसे को लेकर गुरुवार को महत्वपूर्ण जानकारी सामने आई है। दुर्घटनाग्रस्त विमान के ब्लैक बॉक्स से डेटा रिकवरी की प्रक्रिया औपचारिक रूप से शुरू कर दी गई है। जांच एजेंसियां मामले को गंभीरता से लेते हुए ब्लैक बॉक्स में दर्ज सूचनाओं का विश्लेषण कर रही हैं, जिसे हादसे की वजह जानने के लिए बेहद अहम माना जा रहा है।

सूत्रों के अनुसार, ब्लैक बॉक्स से उड़ान संबंधी तकनीकी रिकॉर्ड, विमान की अंतिम गतिविधियां और पायलट व एयर ट्रैफिक कंट्रोल के बीच हुई बातचीत का डेटा निकाला जा रहा है। इन जानकारियों के अध्ययन के बाद यह स्पष्ट हो सकेगा कि दुर्घटना तकनीकी खराबी के कारण हुई या किसी अन्य वजह से।

डेटा रिकवरी पूरी होने के बाद नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (डीजीसीए) विस्तृत जांच रिपोर्ट जारी करेगा, जिसमें हादसे के कारणों और जिम्मेदार कारकों का उल्लेख होगा।

गौरतलब है कि महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राममोहन नायडू को पत्र लिखकर दुर्घटना की निष्पक्ष और गहन जांच की मांग की थी, साथ ही भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए कड़े सुरक्षा उपाय लागू करने का आग्रह किया था।

केंद्रीय मंत्री ने आश्वासन दिया है कि जांच के निष्कर्षों के आधार पर विमानन सुरक्षा मानकों को और सख्त किया जाएगा। राज्य सरकार ने भी जांच में हर संभव सहयोग देने की बात कही है।

Share This Article
Live-7 TV
Leave a Comment