रतन टाटा की विरासत औद्योगिक क्षेत्र का नेतृत्व करने वालों का मार्गदर्शन करती रहेगी: शाह

Live 7 Desk

नयी दिल्ली 10 अक्टूबर (लाइव 7) केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा है कि प्रसिद्ध उद्योगपति रतन टाटा की विरासत लंबे समय तक देश के औद्योगिक क्षेत्र का नेतृत्व करने वालों का मार्गदर्शन करती रहेगी।
श्री शाह ने गुरूवार को मुंबई में श्री रतन टाटा को  सुमन अर्पित करने तथा उनके अंतिम संस्कार में शामिल होने के बाद सोशल मीडिया पर यह बात कही।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की ओर से भी श्री रतन टाटा के पार्थिव शरीर पर पुष्पांजलि अर्पित की।
श्री रतन टाटा का बुधवार को मुंबई के एक अस्पताल में निधन हो गया था। आज शाम वर्ली स्थित शमशान घाट में उनका अंतिम संस्कार किया गया।
सोशल मीडिया पर अपनी पोस्ट में श्री शाह ने कहा , “ रतन टाटा जी को हमेशा देशभक्ति और ईमानदारी के प्रतीक के रूप में याद किया जाएगा। रतन टाटा जी ने दुनियाभर में एक सम्मानित उद्योगपति के रूप में टाटा समूह को वैश्विक स्तर पर प्रसिद्धि दिलाई। रतन टाटा जी का जीवन और राष्ट्र के प्रति उनकी कटिबद्धता भारत के औद्योगिक परिदृश्य में एक ध्रुव तारे की तरह है। रतन टाटा ने स्वच्छ कॉर्पोरेट गवर्नेंस, नियमों का पालन करते हुए टाटा समूह का नेतृत्व किया और टाटा ट्रस्ट के माध्यम से एक बेहतर समाज बनाने का प्रयास किया। रतन टाटा जी की विरासत आने वाले लंबे समय तक देश के औद्योगिक क्षेत्र का नेतृत्व करने वालों का मार्गदर्शन करती रहेगी।”
एक अन्य पोस्ट में श्री शाह ने कहा , “ रतन टाटा जी ने निस्वार्थ भाव से अपना जीवन राष्ट्र के विकास के लिए समर्पित किया। वे जब भी रतन टाटा जी से मिले, भारत और इसके लोगों की बेहतरी के लिए उनके उत्साह और प्रतिबद्धता ने उन्हें चकित कर दिया। हमारे देश और इसके लोगों के कल्याण के लिए उनकी प्रतिबद्धता ने लाखों सपनों को जन्म दिया। समय, श्री रतन टाटा जी को उनके प्यारे देश से दूर नहीं कर सकता और वे हमारे दिलों में हमेशा जीवित रहेंगे।”
 
लाइव 7

Share This Article
Leave a comment