‘फ्रीडम एट मिडनाइट’ का नया टीजर रिलीज

Live 7 Desk

मुंबई, 05 अक्टूबर (लाइव 7) राजनीतिक थ्रिलर सीरीज ‘फ्रीडम एट मिडनाइट’ का नया टीजर रिलीज कर दिया गया है।

‘फ्रीडम एट मिडनाइट’ में भारतीय इतिहास के एक निर्णायक क्षण को दर्शाया गया है। यह सीरीज डोमिनिक लैपियर और लैरी कॉलिन्स की प्रसिद्ध पुस्तक पर आधारित है। ‘फ्रीडम एट मिडनाइट’ एक बेहतरीन राजनीतिक थ्रिलर है, जो वर्ष 1947 में भारत की स्वतंत्रता के आसपास की महत्वपूर्ण घटनाओं को शक्तिशाली रूप से प्रदर्शित करती है।टीजर में महात्मा गांधी और मोहम्मद अली जिन्ना के बीच संघर्ष को दिखाया गया है। कहानी महात्मा गांधी द्वारा ब्रिटिश सरकार के खिलाफ प्रस्तावित असहयोग आंदोलन के इर्द-गिर्द घूमती है। यह शो नवंबर में सोनी लिव पर स्ट्रीम होगा।

निखिल आडवाणी ने ‘फ्रीडम एट मिडनाइट’ का निर्देशन किया है।उन्होंने कहा, फ्रीडम एट मिडनाइट भारत के इतिहास के सबसे महत्वपूर्ण क्षणों में से एक पर आधारित है। यह शो बहुत सावधानी के साथ किए गए शोध पर आधारित है, जो उस समय की भावनात्मक और राजनीतिक अराजकता को दर्शाता है।यह प्रमुख ऐतिहासिक हस्तियों को भी काफी गंभीरता से दिखाता है, जिसमें प्रत्येक चरित्र को अच्छी तरह से विकसित किया गया है। इस वजह से अभिनेता वास्तव में अपनी भूमिका में ढल पाते हैं। इसकी कहानी केवल राजनीति के बारे में नहीं है, बल्कि मानवीय अनुभवों, भावनाओं और चुनौतियों का भी जिक्र करती है, जिन्होंने एक युग को आकार दिया और राष्ट्र पर एक स्थायी प्रभाव छोड़ा।

स्टूडियोनेक्स्ट के सहयोग से एम्मे एंटरटेनमेंट ने ‘फ्रीडम एट मिडनाइट’ का निर्माण किया है, जिसकी कहानी अभिनंदन गुप्ता, अद्वितिया करेंग दास, गुनदीप कौर, दिव्य निधि शर्मा, रेवंत साराभाई और एथन टेलर ने लिखी है।इस सीरीज में सिद्धांत गुप्ता, चिराग वोहरा, राजेंद्र चावला, आरिफ जकारिया, इरा दुबे, मलिष्का मेंडोंसा, राजेश कुमार, केसी शंकर, ल्यूक मैकगिबनी, कॉर्डेलिया बुगेजा, एलिस्टेयर फिनले, एंड्रयू कुलम, रिचर्ड टेवरसन समेत कई कलाकार नजर आयेंगे।

 

लाइव 7

Share This Article
Leave a comment