पिस्का मोड़ में चला बुल्डोजर, 50 दुकानों को किया गया जमींदोज

Shashi Bhushan Kumar


राजधानी रांची में अतिक्रमण हटाओ अभियान के तहत नगर निगम की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में आज पिस्का मोड़ क्षेत्र में नगर निगम की टीम ने बुल्डोजर चलाते हुए करीब 50 दुकानों को जमींदोज कर दिया। प्रशासन का कहना है कि यह कार्रवाई सड़क किनारे हो रहे अतिक्रमण को हटाने और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने के उद्देश्य से की गई। सुबह से ही नगर निगम की टीम, पुलिस बल और अधिकारियों की मौजूदगी में अभियान शुरू हुआ। देखते ही देखते वर्षों से लगी दुकानों को हटाया जाने लगा। इस दौरान स्थानीय दुकानदारों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। कई दुकानदारों ने अपने सामान को बचाने की कोशिश की, लेकिन बुल्डोजर के आगे उनकी एक नहीं चली। दुकानदारों का आरोप है कि वे पिछले 20-25 वर्षों से यहां दुकान लगाकर अपना और अपने परिवार का भरण-पोषण कर रहे थे, लेकिन उन्हें हटाने से पहले किसी प्रकार का नोटिस नहीं दिया गया। अचानक हुई इस कार्रवाई से उनका रोजगार छिन गया है। दुकानदारों का कहना है कि अगर पहले से सूचना मिलती, तो वे खुद ही दुकान हटा लेते या किसी वैकल्पिक व्यवस्था की तलाश कर लेते। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि जिन दुकानदारों को हटाया गया है, उनके लिए अस्थायी रूप से दुकान लगाने की व्यवस्था की जाए। उनका कहना है कि बिना पुनर्वास के इस तरह की कार्रवाई से गरीब और मध्यम वर्ग के लोगों की आजीविका पर गंभीर असर पड़ता है।वहीं, नगर निगम के अधिकारियों का कहना है कि शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए यह अभियान जरूरी है। लगातार मिल रही शिकायतों और बढ़ते ट्रैफिक जाम को देखते हुए यह कदम उठाया गया है। अधिकारियों के अनुसार, आगे भी शहर के विभिन्न इलाकों में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई जारी रहेगी।

Share This Article
शशी भूषण कुमार | पत्रकार (Journalist)- शशी भूषण कुमार 12+ वर्षों के अनुभव वाले पत्रकार हैं। प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया में कार्य करते हुए वर्तमान में Live 7 TV.com में सीनियर प्रोड्यूसर के रूप में संपादकीय नेतृत्व और न्यूज़ प्लानिंग की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। वे पिछले तीन वर्षों से झारखंड स्टेट ओपन यूनिवर्सिटी में पत्रकारिता विभाग के गेस्ट फैकल्टी भी हैं। ग्रामीण पत्रकारिता पर शोध कार्य से जुड़े रहते हुए वे जमीनी और आदिवासी क्षेत्रों की आवाज़ को मुख्यधारा तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
Leave a Comment