लंदन आम निर्यात पर सिमडेगा की महिला किसानों को मिली केंद्रीय मंत्री की सराहना
सिमडेगा: राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी बिरसा हरित ग्राम योजना का सकारात्मक प्रभाव अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर दिखाई देने लगा है। जिले की महिला किसानों द्वारा उत्पादित अम्रपाली आम की खेप यूनाइटेड किंगडम पहुंचने पर उपायुक्त सिमडेगा कंचन सिंह ने इसे जिले के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि बताया है।उपायुक्त ने कहा कि महिला किसानों द्वारा उत्पादित अम्रपाली आम का यूनाइटेड किंगडम तक पहुंचना उनकी मेहनत और उत्पाद की गुणवत्ता का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि एपीडा के सहयोग से जिले के किसान वैश्विक बाजार से जुड़ सके हैं, जिससे उन्हें बेहतर बाजार और बेहतर मूल्य मिलने का मार्ग प्रशस्त हुआ है।उन्होंने एपीडा का विशेष आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह पहल किसानों की आय बढ़ाने के साथ-साथ सिमडेगा को कृषि निर्यात के क्षेत्र में नई पहचान दिलाएगी। साथ ही उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले समय में जिले के अन्य कृषि उत्पाद भी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अपनी पहचान बनाएंगे।

लंदन आम निर्यात किए जाने की उपलब्धि को केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने सराहा
सिमडेगा: महिला किसानों द्वारा लंदन आम निर्यात किए जाने की उपलब्धि को केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने सराहा है। केंद्रीय मंत्री ने इस उपलब्धि को अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर साझा करते हुए महिला किसानों के प्रयासों की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि यह सफलता ग्रामीण महिलाओं की मेहनत, आत्मनिर्भरता और कृषि क्षेत्र में बढ़ती भागीदारी का प्रेरणादायक उदाहरण है।



