छत्तीसगढ़ के महासमुंद में 1432 किलो मादक पदार्थ जब्त, 2 तस्कर गिरफ्तार

Shashi Bhushan Kumar

महासमुंद, छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स और थाना सिंघोड़ा पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए अफीम पोस्त डोडा की एक विशाल खेप जब्त की है। इस कार्रवाई में हरियाणा के दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया है, जो भारी मात्रा में नशीला पदार्थ लेकर जा रहे थे।

पुलिस अधीक्षक कार्यालय की ओर से जारी प्रेस नोट के अनुसार, टीम को सूचना मिली थी कि एक पिकअप वाहन में अफीम पोस्त डोडा भरकर उड़ीसा की ओर से छत्तीसगढ़ की तरफ लाया जा रहा है। सूचना के आधार पर एनएच-53 स्थित रेहटीखोल के पास पुलिस ने नाकाबंदी कर संदिग्ध वाहनों की जांच शुरू की। इसी दौरान एक पिकअप वाहन क्रमांक एचआर46एफ4848 को रोका गया, जिसमें दो व्यक्ति सवार थे। पूछताछ के दौरान चालक ने अपना नाम हरविंदर सिंह और सहयात्री ने सत्यवान वाल्मीकि बताया, जो दोनों हरियाणा के करनाल जिले के निवासी हैं। जब वाहन के पीछे रखी बोरियों के बारे में जानकारी ली गई तो आरोपियों ने स्वीकार किया कि उसमें अफीम पोस्त डोडा भरा हुआ है, जिसे वे झारखंड के गुमला से रायपुर ले जा रहे थे।

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए वाहन की तलाशी ली, जिसमें कुल 1432 किलोग्राम अफीम पोस्त डोडा बरामद किया गया। जब्त मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत 2 करोड़ 14 लाख 80 हजार रुपए आंकी गई है। इसके साथ ही तस्करी में प्रयुक्त पिकअप वाहन, जिसकी कीमत लगभग 10 लाख रुपए है और दो मोबाइल फोन, जिनकी कीमत 20 हजार रुपए है, भी जब्त किए गए। जब्त की गई कुल संपत्ति की कीमत करीब 2 करोड़ 25 लाख रुपए बताई गई है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 18 (ख) के तहत अपराध दर्ज कर उन्हें विधिवत गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेजते हुए मामले की आगे की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स को मादक पदार्थों की तस्करी पर रोक लगाने, इसके स्रोत और गंतव्य बिंदुओं की पहचान करने तथा वित्तीय जांच को मजबूत करने के निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में जिले में लगातार चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है, जिसके तहत यह बड़ी सफलता हाथ लगी है।

Share This Article
शशी भूषण कुमार | पत्रकार (Journalist)- शशी भूषण कुमार 12+ वर्षों के अनुभव वाले पत्रकार हैं। प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया में कार्य करते हुए वर्तमान में Live 7 TV.com में सीनियर प्रोड्यूसर के रूप में संपादकीय नेतृत्व और न्यूज़ प्लानिंग की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। वे पिछले तीन वर्षों से झारखंड स्टेट ओपन यूनिवर्सिटी में पत्रकारिता विभाग के गेस्ट फैकल्टी भी हैं। ग्रामीण पत्रकारिता पर शोध कार्य से जुड़े रहते हुए वे जमीनी और आदिवासी क्षेत्रों की आवाज़ को मुख्यधारा तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
Leave a Comment