सहरसा में कार से 126 लीटर प्रतिबंधित कफ सिरप बरामद, दो तस्कर गिरफ्तार

Shashi Bhushan Kumar

सहरसा :बिहार के सहरसा जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के दौरान पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। बैजनाथपुर थाना क्षेत्र में सोमवार को पुलिस ने एक कार से भारी मात्रा में प्रतिबंधित कोडीन युक्त कफ सिरप बरामद किया और दो तस्करों को गिरफ्तार किया।

साइबर पुलिस उपाधीक्षक अजीत कुमार ने बताया कि जिले में अवैध मादक पदार्थ, शराब निर्माण, बिक्री और तस्करी के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि सौरबाजार की ओर से एक सफेद रंग की टाटा बलेनो कार में बड़ी मात्रा में अवैध कफ सिरप ले जाया जा रहा है।

सूचना के आधार पर राष्ट्रीय राजमार्ग-107 स्थित बैजनाथपुर चौक के पास पुलिस ने संदिग्ध वाहन को रोकने का प्रयास किया। पुलिस को देखकर चालक ने भागने की कोशिश की, लेकिन टीम ने तत्परता दिखाते हुए वाहन को घेरकर रोक लिया और उसमें सवार दो लोगों को पकड़ लिया। पूछताछ में उन्होंने अपनी पहचान सौरव कुमार और संदीप कुमार के रूप में बताई।

वाहन की तलाशी के दौरान सीट और डिक्की से पांच पीले बोरे और दो कार्टन बरामद हुए, जिनमें कुल 126 लीटर कोडीन युक्त कफ सिरप (विस्कॉफ) पाया गया। प्रारंभिक जांच में पुष्टि हुई कि यह कफ सिरप एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रतिबंधित श्रेणी में आता है।

गिरफ्तार दोनों आरोपी मधेपुरा जिले के सिंघेश्वर थाना क्षेत्र के सुखासन मनहारा गांव के निवासी हैं। पुलिस जांच में सामने आया कि सौरव कुमार के खिलाफ सिंघेश्वर थाने में चोरी और मधेपुरा सदर थाने में लूट का मामला दर्ज है, जबकि संदीप कुमार पर शराबबंदी कानून के तहत केस दर्ज है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।

Share This Article
Digital Head,Live-7, Committed to impactful journalism, Shashi Bhushan Kumar continues to bring meaningful narratives to the public with diligence and passion. Active Journalist since 2012.
Leave a Comment