मुंबई में अमेरिकी महिला से 400 मीटर सफर के लिए 18 हजार रुपये वसूला,टैक्सी चालक गिरफ्तार

Shashi Bhushan Kumar

मुंबई : मुंबई के सहार पुलिस ने एक अमेरिकी महिला से अत्यधिक किराया वसूलने के आरोप में टैक्सी चालक को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान 50 वर्षीय देशराज यादव के रूप में हुई है।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के पास स्थित एक पांच सितारा होटल तक महज करीब 400 मीटर की दूरी के लिए महिला से 18 हजार रुपये वसूल किए। यह घटना 12 जनवरी की बताई जा रही है, जब पीड़िता अमेरिका से मुंबई पहुंची थी।

जानकारी के अनुसार, महिला ने एयरपोर्ट से होटल जाने के लिए टैक्सी ली थी, लेकिन चालक ने उसे सीधे होटल पहुंचाने के बजाय अंधेरी (पूर्व) इलाके में लगभग 20 मिनट तक घुमाया और फिर उसी क्षेत्र में स्थित होटल के सामने छोड़ दिया। इसके बाद उसने अत्यधिक किराया मांगते हुए 18 हजार रुपये वसूल लिए। महिला ने यह भी आरोप लगाया कि टैक्सी में चालक के साथ एक अन्य व्यक्ति मौजूद था, जिसने ठगी में सहयोग किया।

मामला तब सामने आया जब पीड़िता अर्जेंटीना एरियनो ने 26 जनवरी को सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर अपनी आपबीती साझा की। उन्होंने एक वीडियो पोस्ट किया, जिसमें टैक्सी का पंजीकरण नंबर भी दिखाया गया था। यह पोस्ट तेजी से वायरल हो गई, जिसके बाद लोगों ने पुलिस को टैग कर कार्रवाई की मांग की।

हालांकि पुलिस महिला से सीधे संपर्क नहीं कर पाई, लेकिन सहार पुलिस ने 27 जनवरी को स्वतः संज्ञान लेते हुए मामला दर्ज किया। जांच के बाद पुलिस ने महज तीन घंटे के भीतर आरोपी चालक को ट्रैक कर गिरफ्तार कर लिया। जांच में सामने आया कि चालक ने जानबूझकर लंबा रास्ता अपनाकर महिला से धोखाधड़ी की।

पुलिस ने बताया कि शहर में पर्यटकों से ठगी के मामलों पर सख्त नजर रखी जा रही है। विदेशी पर्यटकों से अपील की गई है कि वे मीटर वाली टैक्सी, आधिकारिक प्रीपेड टैक्सी या ऐप आधारित कैब सेवाओं का ही उपयोग करें।

Share This Article
Digital Head,Live-7, Committed to impactful journalism, Shashi Bhushan Kumar continues to bring meaningful narratives to the public with diligence and passion. Active Journalist since 2012.
Leave a Comment