पीएम मोदी ने महात्मा गांधी की पुण्यतिथि पर अर्पित की श्रद्धांजलि, कहा— बापू के आदर्श विकसित भारत की प्रेरणा

Shashi Bhushan Kumar

नई दिल्ली : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 78वीं पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। प्रधानमंत्री ने कहा कि महात्मा गांधी के आदर्श विकसित और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण की निरंतर प्रेरणा हैं।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर जारी संदेश में कहा कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को पुण्यतिथि पर शत-शत नमन है। उन्होंने कहा कि बापू का स्वदेशी पर जोर आज के विकसित और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प का मजबूत आधार है। उनके विचार और कर्म देशवासियों को सदैव कर्तव्य पथ पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देते रहेंगे।

प्रधानमंत्री ने अपने संदेश में अहिंसा के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि पूज्य बापू का मानना था कि अहिंसा में वह शक्ति निहित है, जो बिना हथियार के भी दुनिया को बदल सकती है।

महात्मा गांधी की पुण्यतिथि पर केंद्रीय मंत्रियों और राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने भी उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि सत्य, अहिंसा और सद्भाव पर आधारित गांधीजी के आदर्श आज भी पूरे विश्व को मानवता का मार्ग दिखाते हैं।

केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी ने स्वच्छता को स्वराज की आधारशिला माना और उनके सपनों के भारत के निर्माण के लिए स्वच्छ भारत के संकल्प को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि महात्मा गांधी का जीवन सत्य, अहिंसा और एकता के मूल्यों पर आधारित रहा, जो मानवता के कल्याण का अनुकरणीय उदाहरण है।

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि बापू का जीवन त्याग, तपस्या और राष्ट्रसेवा का अमर संदेश है, जो समाज को न्याय, समरसता और शांति के मार्ग पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देता रहेगा।

Share This Article
Digital Head,Live-7, Committed to impactful journalism, Shashi Bhushan Kumar continues to bring meaningful narratives to the public with diligence and passion. Active Journalist since 2012.
Leave a Comment