नई दिल्ली। कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी की तबीयत में सुधार के बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। चेस्ट इन्फेक्शन के कारण ब्रोंकियल अस्थमा की समस्या बढ़ने पर उन्हें 5 जनवरी 2026 की शाम सर गंगाराम अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

अस्पताल प्रशासन के अनुसार, सोनिया गांधी का इलाज सीनियर कंसल्टेंट चेस्ट मेडिसिन डॉ. अरूप बसु की निगरानी में किया गया। चिकित्सकीय देखरेख में उनका उपचार चला, जिस पर उनकी सेहत ने सकारात्मक प्रतिक्रिया दी।
सर गंगाराम अस्पताल के प्रबंधन बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. अजय स्वरूप ने बताया कि इलाज के बाद उनकी स्थिति में लगातार सुधार हुआ है। स्वास्थ्य स्थिर होने के बाद उन्हें रविवार शाम करीब 5 बजे अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया और आगे का उपचार घर पर जारी रखने की सलाह दी गई है।
इससे पहले अस्पताल की ओर से बताया गया था कि राजधानी में ठंड और वायु प्रदूषण के संयुक्त प्रभाव के कारण उनके ब्रोंकियल अस्थमा की समस्या कुछ बढ़ गई थी, जिसके चलते एहतियातन उन्हें भर्ती किया गया था। इलाज के दौरान उन्हें एंटीबायोटिक्स सहित आवश्यक दवाएं दी गईं।
गौरतलब है कि इससे पहले जून 2025 में भी सोनिया गांधी को पेट में संक्रमण के कारण अस्पताल में भर्ती कराया गया था, हालांकि कुछ दिनों के इलाज के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई थी। पिछले दिसंबर में सोनिया गांधी 79 वर्ष की हो चुकी हैं।

