हेमन्त सोरेन और कल्पना सोरेन ने शिबू सोरेन जयंती पर चेशायर होम में दिव्यांग बच्चों संग समय बिताया

Shashi Bhushan Kumar

दिशोम गुरु शिबू सोरेन की 82वीं जयंती के अवसर पर “चेशायर होम” में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने गुरुजी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके संघर्ष, त्याग और सामाजिक सरोकारों को याद किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पहला अवसर है जब गुरुजी की जयंती उनके बिना मनाई जा रही है, लेकिन उनके विचार और आदर्श सदैव मार्गदर्शन करते रहेंगे।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने चेशायर होम में रह रहे दिव्यांग बच्चों से मुलाकात की, उनसे आत्मीय संवाद किया और उनके साथ समय बिताया। उन्होंने बच्चों के बीच कंबल और आवश्यक सामग्री का वितरण भी किया। इस अवसर पर विधायक कल्पना सोरेन भी उपस्थित रहीं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि चेशायर होम से उनका विशेष भावनात्मक जुड़ाव रहा है और वे समय-समय पर यहां आकर बच्चों और संस्था से जुड़े लोगों से मिलते रहे हैं। उन्होंने संस्था की देखरेख और कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि यहां सेवा भाव और समर्पण के साथ काम किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि दिव्यांग बच्चों में अद्भुत प्रतिभा और आत्मविश्वास है, और उनकी क्षमता किसी से कम नहीं है।

मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने चेशायर होम को हरसंभव सहयोग देने का भरोसा भी दिलाया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार दिव्यांगजनों के कल्याण के लिए लगातार प्रयास कर रही है और आगे भी ऐसे कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी। कार्यक्रम के अंत में मुख्यमंत्री ने सभी को नववर्ष की शुभकामनाएं दीं और बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

विधायक कल्पना सोरेन ने भी बच्चों से संवाद कर उनका उत्साहवर्धन किया और संस्था द्वारा किए जा रहे सेवा कार्यों की सराहना की।

Share This Article
Live-7 TV
Leave a Comment