शीतलहर से ठिठुरा झारखंड, अगले तीन दिनों में तापमान और गिरने की चेतावनी

Shashi Bhushan Kumar

झारखंड इन दिनों भीषण ठंड की गिरफ्त में है और फिलहाल इससे राहत के संकेत नहीं दिख रहे हैं। पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय रहने के चलते मौसम में लगातार बदलाव हो रहा है। उत्तर-पश्चिमी ठंडी हवाओं के साथ नमी बढ़ने और पहाड़ी क्षेत्रों में जारी बर्फबारी का असर राज्य के मौसम पर साफ नजर आ रहा है। हालात ऐसे हैं कि दिन के समय भी ठिठुरन महसूस की जा रही है और पूरे राज्य में शीतलहर का प्रभाव बना हुआ है।

मौसम केंद्र रांची ने 26 दिसंबर को रांची सहित राज्य के 12 जिलों में शीतलहर को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है। अलर्ट वाले जिलों में रांची, खूंटी, रामगढ़, बोकारो, हजारीबाग, कोडरमा, चतरा, पलामू, गढ़वा, लातेहार, लोहरदगा और गुमला शामिल हैं।

इस समय गुमला झारखंड का सबसे ठंडा जिला बना हुआ है, जहां न्यूनतम तापमान 4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। मौसम विशेषज्ञों का अनुमान है कि यहां पारा 3 डिग्री सेल्सियस से भी नीचे जा सकता है।

मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले तीन दिनों में राज्य के न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक और गिरावट दर्ज की जा सकती है। इसके बाद अगले दो दिनों तक तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। 27 दिसंबर के बाद शीतलहर की तीव्रता में कुछ कमी आ सकती है, लेकिन ठंड का असर बना रहेगा, क्योंकि दिन का तापमान भी सामान्य से नीचे चल रहा है।

Share This Article
Live-7 TV
Leave a Comment