चक्रधरपुर के विजय सिंह गगराई सैकड़ों समर्थकों के साथ भाजपा में शामिल

Shashi Bhushan Kumar

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कार्यालय में बुधवार को मिलन समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें चक्रधरपुर के विजय सिंह गगराई ने अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। इस अवसर पर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष एवं सांसद आदित्य साहू तथा नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने उन्हें पार्टी का अंगवस्त्र पहनाकर स्वागत किया।

कार्यक्रम का संचालन प्रदेश मंत्री सुनीता सिंह ने किया। विजय सिंह गगराई के साथ सुशांत मंडल, हीरालाल खंडाइत, ललित ठाकुर, हारून मेलगांडी, बेसरा पूर्ति, विजय नाग, राजेंद्र मेलगांडी, रामू महतो, मार्कस गगराई, वीरसिंह हांसदा, राकेश जोंकों सहित बड़ी संख्या में लोगों ने भाजपा की सदस्यता ली।

इस मौके पर प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि मौजूदा सरकार ने आदिवासी, दलित और पिछड़े वर्गों को पूरी तरह उपेक्षित छोड़ दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में विकास ठप है, अपराध बढ़ रहे हैं और आदिवासी समाज के युवा लगातार असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि बहन-बेटियों की सुरक्षा पर सवाल खड़े हो रहे हैं और अपहरण जैसी घटनाएं आम होती जा रही हैं। बीते छह वर्षों में सरकार ने जनता से किए गए वादों को पूरा नहीं किया, जिससे लोगों में गहरा असंतोष है। पेसा कानून को लेकर भी सरकार पर जनता को भ्रमित करने का आरोप लगाया गया।

आदित्य साहू ने कहा कि जनजातीय समाज का भरोसा अब सरकार से उठता जा रहा है और भाजपा की ओर आशा भरी निगाहों से देखा जा रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सरकार की विफलताओं को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।

वहीं नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि झारखंड राज्य का गठन भाजपा के प्रयासों से हुआ और प्रदेश का सर्वांगीण विकास भी भाजपा ही कर सकती है। उन्होंने कहा कि जनता सब देख रही है और समय आने पर जवाब जरूर देगी।

भाजपा में शामिल हुए विजय सिंह गगराई ने पार्टी नेतृत्व के प्रति आभार जताते हुए कहा कि वे एक समर्पित कार्यकर्ता के रूप में संगठन की नीतियों और कार्यक्रमों को जमीनी स्तर तक पहुंचाने के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करेंगे। उन्होंने कहा कि पार्टी उन्हें जो भी जिम्मेदारी देगी, उसे पूरी ईमानदारी से निभाएंगे।

Share This Article
Live-7 TV
Leave a Comment