केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जे.पी. नड्डा ने देवघर एम्स का किया निरीक्षण, मेडिकल सुविधाओं की प्रगति का किया समीक्षा

Shashi Bhushan Kumar

निरीक्षण के दौरान जे.पी. नड्डा ने ऑर्थोपेडिक्स वार्ड में भर्ती मरीजों से बातचीत कर उनके उपचार व देखभाल के अनुभवों को समझा। एम्स देवघर के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर एवं सीईओ डॉ. नितिन गंगाने ने संस्थान में चल रहे विकास कार्यों, नई सुविधाओं और भावी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। इसके बाद केंद्रीय मंत्री ने अधिकारियों के साथ विकास और संचालन से जुड़े प्रमुख बिंदुओं पर बैठक की।

स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि देवघर एम्स को आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं से लैस एक उन्नत केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह संस्थान गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवा को लोगों के करीब ला रहा है और क्षेत्रीय स्वास्थ्य असमानताओं को कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। साथ ही, यह भविष्य में चिकित्सा अनुसंधान और प्रशिक्षण का प्रमुख केंद्र बनने की क्षमता रखता है।

एम्स दौरे के बाद जे.पी. नड्डा देवघर में आयोजित ‘कार्यकर्ता सम्मेलन’ में शामिल हुए। यहां उन्होंने प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि मौजूदा सरकार ने घुसपैठियों को संरक्षण देकर झारखंडवासियों के अधिकारों को कमजोर किया है। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार और वादाखिलाफी से जनता त्रस्त है और बदलाव के लिए एकजुट हो रही है।

नड्डा ने भाजपा कार्यकर्ताओं की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि वे संगठन के विस्तार और केंद्र सरकार की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में समर्पित भाव से कार्य कर रहे हैं। उन्होंने स्थानीय संसाधनों पर क्षेत्रीय निवासियों के अधिकार सुनिश्चित करने और झारखंड की सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित रखने का संकल्प भी दोहराया।

Share This Article
Live-7 TV
Leave a Comment