मुख्यमंत्री ने PVNL के वरीय अधिकारियों को कहा- युवाओं के कौशल विकास के लिए करें ठोस पहल

Shashi Bhushan Kumar

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से आज पतरातु विद्युत निगम लिमिटेड (PVNL) के मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी अशोक कुमार सहगल के नेतृत्व में वरिष्ठ अधिकारियों ने शिष्टाचार भेंट की। प्रतिनिधिमंडल में ह्यूमन रिसोर्स प्रमुख जेड रहमान, वरीय प्रबंधक पंकज कुमार सिंह एवं डीजीएम जे. महापात्र शामिल थे।

इस दौरान अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि 5 नवंबर 2025 से पीवीएनएल की 800 मेगावाट क्षमता वाली एक यूनिट से बिजली का व्यावसायिक उत्पादन प्रारंभ हो चुका है। अधिकारियों ने इस महत्वपूर्ण उपलब्धि के लिए मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार के हर स्तर पर मिले सहयोग के कारण ही यह परियोजना तय समयसीमा के भीतर शुरू हो सकी।

अधिकारियों ने बताया कि इस यूनिट के चालू होने से झारखंड बिजली उत्पादन के क्षेत्र में आत्मनिर्भरता की दिशा में एक बड़ा कदम आगे बढ़ा है। साथ ही उन्होंने मुख्यमंत्री को पतरातु विद्युत निगम लिमिटेड के संयंत्र का भ्रमण करने के लिए आमंत्रित भी किया।

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि ऊर्जा क्षेत्र राज्य सरकार की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने स्पष्ट किया कि बिजली अवसंरचना को आधुनिक और मजबूत बनाने के लिए सरकार लगातार ठोस कदम उठा रही है। मुख्यमंत्री ने पीवीएनएल को युवाओं के कौशल विकास के लिए भी प्रभावी पहल करने का निर्देश दिया, ताकि स्थानीय युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर मिल सकें।

Share This Article
Live-7 TV
Leave a Comment