राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह: पेंटिंग के जरिए बच्चों ने दिया यातायात नियमों का संदेश

Shashi Bhushan Kumar

राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के तहत मंगलवार, 27 जनवरी को रांची जिला प्रशासन की ओर से सड़क सुरक्षा को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। उपायुक्त रांची मंजुनाथ भजंत्री के निर्देश पर जिला परिवहन पदाधिकारी अखिलेश कुमार के नेतृत्व में रिलेशंस परिसर में सड़क सुरक्षा विषय पर पेंटिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।

इस प्रतियोगिता में बरियातू स्थित हिल टॉप पब्लिक स्कूल और एमएमके हाई स्कूल के कक्षा 6 से 10वीं तक के सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों और युवाओं को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना और सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के प्रति संवेदनशील बनाना रहा।

प्रतियोगिता के दौरान बच्चों ने अपनी रचनात्मकता और रंगों के माध्यम से हेलमेट और सीट बेल्ट के महत्व, जेब्रा क्रॉसिंग का पालन, सड़क दुर्घटनाओं के कारण और सुरक्षित यातायात जैसे विषयों को प्रभावशाली ढंग से चित्रों में उकेरा। इस अवसर पर बच्चों को सड़क सुरक्षा की शपथ भी दिलाई गई, साथ ही उनके अभिभावकों को भी यातायात नियमों का पालन करने और सुरक्षित तरीके से वाहन चलाने के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला रोड इंजीनियर एनालिस्ट गौरव कुमार, रिलेशंस के निदेशक आशुतोष द्विवेदी, हिल टॉप पब्लिक स्कूल की प्राचार्या संगीता प्रसाद, उप-प्राचार्या सुनीता श्रीवास्तव सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। अतिथियों ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि बच्चे देश का भविष्य हैं और यदि वे सड़क सुरक्षा के नियमों को अपने जीवन में अपनाते हैं तो परिवार और समाज दोनों को सुरक्षित रख सकते हैं। सड़क पर सावधानी केवल अपनी नहीं, बल्कि दूसरों की जान की सुरक्षा के लिए भी जरूरी है।

अधिकारियों ने बताया कि 1 से 31 जनवरी तक राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत जिलेभर में विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि सड़क दुर्घटनाओं की संख्या में कमी लाई जा सके।

प्रतियोगिता के अंत में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को परिवहन विभाग की ओर से पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

पेंटिंग प्रतियोगिता के परिणाम

हिल टॉप पब्लिक स्कूल
प्रथम: सोनाली सोन बेशरा
द्वितीय: अनीषा खान
तृतीय: निखिल लोहारा

एमएमके हाई स्कूल
प्रथम: गुंजन कुमारी
द्वितीय: अनीषा परवीन

इस अवसर पर हिल टॉप पब्लिक स्कूल की शिक्षिकाएं सीमा लाला, स्नेहा मुर्मू, मधुलिका श्रीवास्तव, नयन सेन तथा एमएमके हाई स्कूल की नर्गिस बानो, भुनेश्वर मिर्धा, कहकशां परवीन सहित अन्य शिक्षक-शिक्षिकाएं भी मौजूद रहीं।
यह जानकारी अमन द्वारा दी गई।

Share This Article
Digital Head,Live-7, Committed to impactful journalism, Shashi Bhushan Kumar continues to bring meaningful narratives to the public with diligence and passion. Active Journalist since 2012.
Leave a Comment