JAMSHEDPUR
जमशेदपुर में फल कारोबारी की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इस हत्याकांड का खुलासा करते हुए पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुमित सिंह और गुरुप्रीत सिंह के रूप में हुई है। उनकी निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल की गई पिस्टल भी बरामद कर ली गई है।
यह घटना 11 फरवरी को गोलमुरी थाना क्षेत्र के पास हुई थी, जहां फल कारोबारी कन्हैया यादव को बेहद करीब से गोली मार दी गई थी। हमलावरों ने ताबड़तोड़ फायरिंग की, जिससे कन्हैया यादव गंभीर रूप से घायल हो गए। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार उनके सिर में दो, पेट में एक और पैर में एक गोली लगी थी। मौके पर ही उनकी मौत हो गई थी।
मृतक की पत्नी कुसुम देवी के बयान पर गोलमुरी थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है। इस मामले में प्रदीप पाठक उर्फ बिल्ला पाठक, गोलू पाठक, सुमित सिंह, अनुराग मिश्रा और एक अज्ञात व्यक्ति को नामजद किया गया है। घटना के समय कन्हैया यादव के साथ उनका सहयोगी रंजीत शर्मा उर्फ काली भी मौजूद था। फायरिंग शुरू होते ही वह पास स्थित सिटी डीएसपी कार्यालय परिसर में घुस गया, जिससे उसकी जान बच गई।
घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया था। बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने गोलमुरी थाना का घेराव कर आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की। अगले दिन आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों ने टिनप्लेट चौक पर जाम लगा दिया, जिससे यातायात बाधित रहा।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है और अन्य नामजद आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल शेष आरोपियों को भी शीघ्र गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

