LIVE 7 TV
चाईबासा निवासी रघुनाथ बिरुवा का चयन संयुक्त राष्ट्र संघ के UN Volunteer कार्यक्रम के लिए किया गया है। इस भूमिका में वे संयुक्त राष्ट्र विकास कार्यक्रम (UNDP) के अंतर्गत सेवाएं प्रदान करेंगे। रघुनाथ बिरुवा झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले के मंझारी प्रखंड स्थित बड़ा-लागड़ा गांव के निवासी हैं और “हो” आदिवासी समुदाय से संबंध रखते हैं। वर्तमान में वे भुवनेश्वर स्थित कलिंगा इंस्टीट्यूट ऑफ सोशल साइंसेज (KISS) में इतिहास विषय में पीएचडी शोधार्थी हैं।
उन्होंने कोल्हान विश्वविद्यालय के इतिहास स्नातकोत्तर विभाग से अपनी उच्च शिक्षा पूर्ण की है और इतिहास विषय में दो बार UGC NET परीक्षा उत्तीर्ण की है। इसके अलावा, वे कोल्हान विश्वविद्यालय के भूगोल विभाग में सहायक प्राध्यापक डॉ. सुनीता कुमारी के मार्गदर्शन में ICSSR, नई दिल्ली द्वारा प्रायोजित “पश्चिमी सिंहभूम से जनजातीय प्रवासन” जैसे राष्ट्रीय स्तर के शोध प्रोजेक्ट्स से भी जुड़े रहे हैं।
शोध कार्यों के साथ-साथ रघुनाथ बिरुवा सामाजिक गतिविधियों में भी सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं और कोल्हान क्षेत्र में विभिन्न जनहित कार्यों में योगदान देते आए हैं। UNDP के अंतर्गत UN Volunteer के रूप में उनका चयन न केवल उनके लिए, बल्कि पूरे कोल्हान क्षेत्र और “हो” आदिवासी समुदाय के लिए गर्व और खुशी का विषय है। उनकी यह उपलब्धि स्थानीय विद्यार्थियों और युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बन रही है।
रघुनाथ बिरुवा ने अपनी इस सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, KISS विश्वविद्यालय के संस्थापक अच्युत्य सामंता, अपने शोध मार्गदर्शकों, शिक्षकों, सहकर्मियों, मित्रों और परिवारजनों को दिया है, जिन्होंने हर चरण में सहयोग, मार्गदर्शन और प्रोत्साहन प्रदान किया।

