नई दिल्ली
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में गुरुवार सुबह कई स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया। अज्ञात कॉल और ईमेल के माध्यम से मिली इन धमकियों के बाद संबंधित स्कूल परिसरों में सुरक्षा एजेंसियों ने तत्काल तलाशी अभियान शुरू कर दिया।
दिल्ली पुलिस अधिकारियों के अनुसार, एमिटी स्कूल और बिरला विद्या निकेतन सहित कई शैक्षणिक संस्थानों को बम की धमकी मिली, जिसके बाद सुरक्षा व्यवस्था को कड़ा कर दिया गया। एहतियात के तौर पर स्कूल परिसरों को खाली कराया गया और छात्रों व स्टाफ को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया।
सूचना मिलते ही एंटी-सबोटेज टीम, बम निरोधक दस्ता, स्थानीय पुलिस बल, फायर ब्रिगेड, एम्बुलेंस सेवाएं और पीसीआर टीमें मौके पर पहुंच गईं। पूरे परिसर की गहन जांच की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि छात्रों, शिक्षकों, स्कूल कर्मचारियों और आम नागरिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी आवश्यक सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में बताई जा रही है। साथ ही लोगों से संयम बनाए रखने की अपील की गई है।
दिल्ली पुलिस ने नागरिकों से अनुरोध किया है कि यदि कहीं कोई संदिग्ध वस्तु या गतिविधि नजर आए तो तुरंत 112 आपातकालीन हेल्पलाइन या नजदीकी पुलिस थाने को सूचित करें।
उल्लेखनीय है कि बुधवार को द्वारका कोर्ट को भी ईमेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिली थी। इसके बाद अदालत परिसर को खाली कराकर सुरक्षा बलों ने जांच की थी, हालांकि बाद में यह धमकी फर्जी पाई गई।
पिछले कुछ महीनों में दिल्ली के स्कूलों, कॉलेजों और सरकारी संस्थानों को इस तरह की कई फर्जी धमकियां मिल चुकी हैं। पुलिस अब ताजा धमकियों के स्रोत का पता लगाने में जुटी है। साइबर यूनिट तकनीकी जांच के जरिए इन मेल और कॉल्स के पीछे मौजूद लोगों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। सुरक्षा एजेंसियों ने जनता से सतर्क रहने, लेकिन घबराने से बचने की अपील की है।

