चुटूपालू घाटी में भीषण हादसा, कंटेनर चालक की जिंदा जलकर मौत

Shashi Bhushan Kumar

रामगढ़ जिले की चुटूपालू घाटी में शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में कंटेनर चालक की जिंदा जलकर मौत हो गई। दुर्घटना घाटी के ढलान पर उस समय हुई जब कंटेनर का ब्रेक फेल हो गया और वह अनियंत्रित होकर आगे चल रहे ट्रेलर से टकरा गया।

पुलिस के अनुसार कंटेनर रांची से रामगढ़ की ओर जा रहा था। ढलान पर अचानक ब्रेक फेल होने से वाहन की रफ्तार बढ़ गई और उसने आगे चल रहे ट्रेलर को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कंटेनर का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि टक्कर के तुरंत बाद शॉर्ट सर्किट या घर्षण के कारण कंटेनर के केबिन में आग लग गई। चालक स्टीयरिंग और मलबे के बीच फंस गया, जिससे वह बाहर नहीं निकल सका। कुछ ही देर में आग की लपटों ने पूरे केबिन को अपनी चपेट में ले लिया।

हादसे के बाद ट्रेलर चालक वाहन मौके पर छोड़कर फरार हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस और दमकल विभाग की टीमें घटनास्थल पर पहुंचीं, लेकिन तब तक चालक की मौत हो चुकी थी। आग बुझाने के बाद शव को बाहर निकाला गया। मृतक की पहचान अब तक नहीं हो सकी है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।

दुर्घटना के बाद रांची–पटना मुख्य मार्ग पर यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। घाटी में दोनों ओर लंबा जाम लग गया, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। पुलिस क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात बहाल करने में जुटी रही।

Share This Article
Senior content producer, Live 7 tv
Leave a Comment