वाराणसी, 19 मई (लाइव 7) भीषण गर्मी और लू के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए वाराणसी नगर निगम ने आम लोगों को राहत पहुंचाने के लिए शहर में विशेष इंतजाम किए हैं। तीखी धूप और लगातार बढ़ते तापमान के कारण घाटों से लेकर प्रमुख बाजारों और सड़कों तक लोगों की आवाजाही प्रभावित हुई है। नगर निगम की ओर से शहर के प्रमुख चौराहों और व्यस्त मार्गों पर ग्रीन शेड लगाए गए हैं, ताकि ट्रैफिक सिग्नल पर रुकने वाले लोगों को तेज धूप से राहत मिल सके। इसके अलावा शहर के विभिन्न स्थानों पर प्याऊ की व्यवस्था की गई है तथा 17 वाटर एटीएम भी स्थापित किए गए हैं, जहां लोगों को ठंडा पेयजल उपलब्ध कराया जा रहा है।

