झारखंड: हाथियों ने कोडरमा में महुआ चुन रही महिला को कुचला, चार दिनों में तीन की मौत

Shashi Bhushan Kumar

झारखंड के कोडरमा जिले में जंगली हाथियों का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। मरकच्चो थाना क्षेत्र के जामु हरलाडीह गांव में रविवार तड़के हाथियों ने एक 55 वर्षीय महिला सीता देवी को कुचलकर मार डाला। वह अहले सुबह अपने घर से महुआ चुनने निकली थीं, तब हाथियों ने उन्हें निशाना बनाया।

जिले में पिछले चार दिनों के भीतर हाथी के हमले में तीन लोगों की जान चली गई है। रविवार सुबह हुई घटना की सूचना मिलने के बाद वन विभाग के रेंजर रविंद्र कुमार ने मौके पर पहुंचकर पीड़ित परिवार को तत्काल 25 हजार रुपये की सहायता राशि प्रदान की।

सरकारी प्रावधान के अनुसार, शेष 3.75 लाख रुपये का मुआवजा कागजी प्रक्रिया पूरी होने के बाद दिया जाएगा। जिले के झरीटांड और ढेबुआडीह जैसे ग्रामीण इलाकों में हाथियों ने पिछले तीन-चार दिनों में कई मवेशियों को मार डाला है और गौशालाओं को तहस-नहस कर दिया है। कोडरमा के मरियमपुर और बोनाकाली इलाकों में हुई हालिया मौतों के बाद अब ग्रामीण रतजगा करने को मजबूर हैं।

विशेषज्ञों का मानना है कि हाथियों का झुंड से बिछड़ना और रिहायशी इलाकों में भोजन की तलाश में आना इस खूनी संघर्ष की मुख्य वजह है। ग्रामीणों में इस बात को लेकर भारी आक्रोश है कि संसाधनों की कमी के कारण वन विभाग हाथियों को नियंत्रित करने में विफल साबित हो रहा है। इससे पहले पिछले माह हजारीबाग के चुरचू प्रखंड स्थित गोंदवार गांव में भी हाथियों के झुंड ने आधी रात को हमला कर एक ही परिवार के चार सदस्यों समेत छह लोगों को मौत की नींद सुला दिया था।

उस घटना में हाथियों ने कच्चे मकानों को ध्वस्त कर सोते हुए लोगों को कुचल डाला था, जिससे पूरे राज्य में हड़कंप मच गया था। आंकड़े बताते हैं कि झारखंड में हाथियों के हमले की भयावहता बढ़ती जा रही है। एक रिपोर्ट के अनुसार, राज्य में मात्र 45 दिनों के भीतर हाथियों के कारण 25 से अधिक लोग अपनी जान गंवा चुके हैं। फिलहाल, कोडरमा प्रशासन ने प्रभावित क्षेत्रों में अलर्ट जारी किया है और लोगों को अकेले जंगल की ओर न जाने की सलाह दी है। वन विभाग की टीमें हाथियों की लोकेशन ट्रैक करने की कोशिश कर रही हैं, ताकि उन्हें आबादी वाले क्षेत्रों से दूर खदेड़ा जा सके।

Share This Article
शशी भूषण कुमार | पत्रकार (Journalist)- शशी भूषण कुमार 12+ वर्षों के अनुभव वाले पत्रकार हैं। प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया में कार्य करते हुए वर्तमान में Live 7 TV.com में सीनियर प्रोड्यूसर के रूप में संपादकीय नेतृत्व और न्यूज़ प्लानिंग की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। वे पिछले तीन वर्षों से झारखंड स्टेट ओपन यूनिवर्सिटी में पत्रकारिता विभाग के गेस्ट फैकल्टी भी हैं। ग्रामीण पत्रकारिता पर शोध कार्य से जुड़े रहते हुए वे जमीनी और आदिवासी क्षेत्रों की आवाज़ को मुख्यधारा तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
Leave a Comment