रांची में बेकाबू कार का आतंक: किन्नर घायल, पुलिस पर चढ़ाने की कोशिश, 9 राउंड फायरिंग

Shashi Bhushan Kumar

राजधानी रांची में मंगलवार को एक तेज रफ्तार कार ने जमकर उत्पात मचाया। कार चालक ने कई वाहनों को टक्कर मारी और राहगीरों को कुचलने का प्रयास किया, जिससे इलाके में अफरा-तफरी फैल गई। स्थिति नियंत्रण से बाहर होते देख पुलिस को मजबूरन 9 राउंड फायरिंग करनी पड़ी, जिसके बाद चालक को पकड़ा जा सका।

घायल चालक की पहचान इश्तियाक के रूप में हुई है। पुलिस की गोलीबारी में वह घायल हो गया, जिसके बाद उसे हिरासत में लेकर रिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह रांची के कचहरी इलाके में ट्रांसजेंडर समुदाय के कुछ लोगों और युवकों के बीच विवाद हुआ, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गया। इस झड़प में एक किन्नर गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात संभालने की कोशिश की।

इसी बीच विवाद में शामिल कुछ युवक कार में सवार होकर वहां से भागने लगे। आरोप है कि उन्होंने तेज रफ्तार में गाड़ी चलाते हुए कई वाहनों को टक्कर मारी और लोगों को रौंदने की कोशिश की। पुलिस ने उनका पीछा किया और करीब 10 किलोमीटर दूर कटहल मोड़ के पास बास्की गांव में घेराबंदी की।

जब पुलिस ने कार को रोकने का प्रयास किया तो चालक ने पुलिसकर्मी पर गाड़ी चढ़ाने की कोशिश की। इसके बाद पुलिस ने 9 राउंड फायरिंग की और अंततः वाहन को रोक लिया गया। गोली लगने से इश्तियाक घायल हो गया और उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस ने कार को जब्त कर लिया है और मामले की जांच जारी है। प्रारंभिक जांच में इश्तियाक को मुख्य आरोपी माना जा रहा है, जबकि अन्य युवकों की संलिप्तता की भी पड़ताल की जा रही है।

Share This Article
Digital Head,Live-7, Committed to impactful journalism, Shashi Bhushan Kumar continues to bring meaningful narratives to the public with diligence and passion. Active Journalist since 2012.
Leave a Comment