LIVE 7 TV/ RANCHI
रेलवे क्षेत्र में हो रही नशीले पदार्थों की तस्करी पर रोक लगाने के लिए आरपीएफ लगातार छापेमारी अभियान चला रही है। इसी क्रम में हटिया रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ और फ्लाइंग टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए करीब 11.5 लाख रुपये मूल्य का 23 किलोग्राम गांजा जब्त किया है। इस दौरान दो तस्करों को भी मौके से गिरफ्तार किया गया।
सूत्रों के अनुसार, आरपीएफ रांची के कमांडेंट पवन कुमार के निर्देश पर स्टेशन पर विशेष जांच अभियान चलाया गया। जांच के दौरान उपनिरीक्षक संतोष कुमार सिंह और फ्लाइंग टीम को प्लेटफॉर्म पर दो युवक संदिग्ध अवस्था में बैठे मिले। पूछताछ के बाद दोनों के बैगों की तलाशी ली गई, जिसमें चार पैकेटों में रखा भारी मात्रा में गांजा मिला।
गिरफ्तार तस्करों की पहचान मोहम्मद फिरोज (पिता – मोहम्मद फारूक, उम्र 32 वर्ष) और राम बिलास चौधरी (पिता – मदन चौधरी, उम्र 27 वर्ष) के रूप में हुई है। दोनों पश्चिम चंपारण जिले के रहने वाले हैं। जांच में पता चला कि फिरोज के पास मिले बैगों में और राम बिलास के बैगों में मिलाकर कुल 23 किलोग्राम गांजा था।
पूछताछ में दोनों ने स्वीकार किया कि वे यह माल राउरकेला से एक अज्ञात व्यक्ति से लाए थे और धनबाद में किसी अन्य व्यक्ति को देने जा रहे थे।
बरामद पैकेटों की जांच आरपीएफ के सहायक सुरक्षा आयुक्त अशोक कुमार सिंह की मौजूदगी में DD किट से की गई, जिसमें गांजा होने की पुष्टि हुई। कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद सभी पैकेटों और गिरफ्तार आरोपियों को जीआरपी हटिया के हवाले कर दिया गया।

