नई दिल्ली/रांची/सिमडेगा : दिल्ली विश्वविद्यालय के प्रतिष्ठित कमला नेहरू कॉलेज (KNC) में आयोजित 19वें डॉ. के.के. गोरवारा मेमोरियल वार्षिक पब्लिक लेक्चर के दौरान कॉलेज की मेधावी छात्रा सिमडेगा की बेटी निधि चंदा को ‘डॉ. के.के. गोरवारा मेमोरियल ऑल राउंडर स्टूडेंट अवार्ड’ से सम्मानित किया गया। इस उपलब्धि से कॉलेज परिसर में खुशी का माहौल है।
निधि चंदा, बी.एससी. गणित (ऑनर्स) तृतीय वर्ष की छात्रा हैं। उन्हें यह प्रतिष्ठित सम्मान उनके पिछले तीन वर्षों के उत्कृष्ट शैक्षणिक प्रदर्शन, नेतृत्व क्षमता तथा सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रदान किया गया। यह पुरस्कार उन विद्यार्थियों को दिया जाता है जो पढ़ाई के साथ-साथ खेल, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और नेतृत्व के क्षेत्र में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हैं।
कॉलेज प्रशासन के अनुसार, निधि का चयन उनके शानदार अकादमिक रिकॉर्ड और विभिन्न समितियों में सक्रिय योगदान के आधार पर किया गया। उन्होंने कॉलेज की महत्वपूर्ण समिति ‘YUVA’ में अकादमिक को-कन्वीनर के रूप में भी उल्लेखनीय भूमिका निभाई है।
समारोह के दौरान मुख्य अतिथि और कॉलेज की प्राचार्या की उपस्थिति में निधि को सम्मानित किया गया। इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर कॉलेज के शिक्षकों, सहपाठियों और परिवारजनों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं।

