नफ़रत फैलाने में लगी रहती है भाजपा: आप

Live 7 Desk

नयी दिल्ली, 13 मार्च (लाइव 7) आम आदमी पार्टी ने भाजपा पर नफरत फैलाने का आरोप लगाते हुए कहा कि हर त्यौहार से पहले भाजपा इस काम में लग जाती है कि कैसे देश के अंदर लोगों के बीच नफरत फैलाई जाए।

आप नेता और सांसद   सिंह ने आज कहा कि भाजपा ने देश का बेड़ा गर्क कर दिया है। लोग कोई भी त्योहार शांति से नहीं मना सकते हैं। हर त्यौहार के आने से एक सप्ताह पहले से मीडिया और प्रशासन नफरत फैलाने के काम में लग जाता है। लोग अपना त्यौहार मनाएंगे या फिर इनकी रोज की नौटंकी पर दिमाग लगाएंगे। भाजपा हर त्यौहार से पहले पूरे देश में माहौल खराब करने का काम करती है। यह बहुत बड़ा गुनाह और अपराध है। भाजपा के लोग दिन-रात नफरती एजेंडे में लगे रहते हैं।

उन्होंने कहा कि डिलिमिटेशन के मुद्दे पर आम आदमी पार्टी दक्षिण के राज्यों के साथ है। किसी भी राज्य के साथ भेदभाव नहीं होना चाहिए। अभी की परिस्थितियों में केद्र सरकार पंजाब का भी प्रतिशत कम कर रही है। पंजाब पूर्ण राज्य है और वहां आम आदमी पार्टी की सरकार है। पंजाब का संसद में प्रतिनिधित्व का आंकड़ा भी कम किया जा रहा है। भाजपा को लग रहा है कि जिन राज्यों में उसका प्रभाव है, वहां सीटों को बढ़ा लेंगे। इसके बाद विश्वगुरु जब तक जीवित हैं, तब तक देश के प्रधानमंत्री बने रहेंगे। लेकिन हम लोग विश्वगुरु की पार्टी को ऐसा नहीं करने देंगे।

आप नेता ने कहा कि भाजपा सारे इतिहास को स्कूलों में बच्चों को पढ़ाए। भाजपा और उसकी मातृ संस्था आरएसएस ने आजादी के आंदोलन में क्या किया, उसे भी स्कूलों में पढ़ाया जाना चाहिए। आरएसएस के इतिहास को देश के हर बच्चे को पढ़ाना चाहिए। आरएसएस ने भारत के तिरंगे का विरोध किया। आरएसएस ने 52 साल तक अपने नागपुर मुख्यालय पर तिरंगा नहीं फहराया। 1942 के आंदोलन में श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने अंग्रेज गवर्नर को चिट्ठी लिखी थी कि आजादी के आंदोलन को कुचल देना चाहिए। हमारे आंदोलनकारियों के साथ गद्दारी करने वाले आरएसएस का इतिहास अभी ज्यादा पुराना नहीं हुआ है, उसे भी स्कूलों में पढ़ाना चाहिए, ताकि लोगों को पता चले कि वे किस पार्टी के साथ खड़े हैं।

आजाद सैनी

लाइव 7

Share This Article
Leave a Comment