दुनिया में शांति, प्रगति और समृद्धि के लिए मिलकर काम करें भारत और कतर

Live 7 Desk

नयी दिल्ली 18 फरवरी (लाइव 7) राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कहा है कि भारत और कतर को न केवल अपने लोगों बल्कि दुनिया के सभी लोगों की शांति, प्रगति और समृद्धि के लिए मिलकर काम करना चाहिए।
श्रीमती मुर्मु ने मंगलवार को यहां राष्ट्रपति भवन में कतर के अमीर महामहिम शेख तमीम बिन हमद अल थानी का स्वागत किया। उन्होंने उनके सम्मान में भोज का भी आयोजन किया।
भारत की दूसरी राजकीय यात्रा पर आए अल थानी का स्वागत करते हुए राष्ट्रपति ने कहा कि कतर के साथ भारत के संबंध सदियों पुराने हैं। कतर भारत के साथ पश्चिम एशिया के वाणिज्य और संस्कृति के संबंधों का अभिन्न अंग रहा है।
राष्ट्रपति ने कहा कि भारत और कतर के बीच बहुआयामी जुड़ाव और सहयोग गहरी सहजता और समय-परीक्षित सद्भावना से चिह्नित हैं। दोनों देश व्यापार, निवेश, खाद्य सुरक्षा, स्वास्थ्य, संस्कृति और ऊर्जा के क्षेत्रों में विश्वसनीय साझेदार हैं। उन्होंने कहा कि हमें नवाचार, प्रौद्योगिकी और स्टार्ट-अप के क्षेत्रों में अपने सहयोग को व्यापक बनाने के लिए दोनों देशों की संबंधित शक्तियों का भी लाभ उठाना चाहिए।
राष्ट्रपति ने कहा कि दोनों देशों को न केवल अपने लोगों की बल्कि दुनिया के सभी लोगों की शांति, प्रगति और समृद्धि के लिए मिलकर काम करना चाहिए।
दोनों नेता इस बात पर सहमत हुए कि भारत-कतर संबंधों को ‘रणनीतिक साझेदारी’ के स्तर तक बढ़ाने से और भी करीबी जुड़ाव के लिए रोडमैप तैयार होगा।
  अशोक
लाइव 7

Share This Article
Leave a Comment