महिला की हत्या कर शव जलाकर जंगल में फेंका, पति और सास समेत पांच गिरफ्तार

Shashi Bhushan Kumar

झारखंड के गिरिडीह जिले के बगोदर थाना क्षेत्र स्थित कारीपहाड़ी जंगल में मिले अधजले महिला के शव मामले का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। जांच में खुलासा हुआ है कि महिला की हत्या उसके पति ने साजिश रचकर कराई थी। इस मामले में पुलिस ने पति और सास सहित कुल पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

गिरफ्तार आरोपियों में मृतका के पति जाबिर अंसारी, सास जैबुन निशा, वकील अंसारी उर्फ रॉकी, गुड्डू अली और शराफत अंसारी शामिल हैं। पुलिस ने घटनास्थल और आरोपियों के पास से दो मोटरसाइकिल, पांच मोबाइल फोन, मृतका के कपड़े, चूड़ियां, माचिस, बोतल और जूट का बोरा बरामद किया है।

गिरिडीह के पुलिस अधीक्षक डॉ. बिमल कुमार ने बताया कि 30 जनवरी की सुबह करीब 7:30 बजे कारीपहाड़ी जंगल में एक अज्ञात महिला का अधजला शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए बगोदर-सरिया एसडीपीओ धनंजय कुमार राम के नेतृत्व में विशेष जांच टीम (SIT) गठित की गई।

जांच में एफएसएल टीम, डॉग स्क्वायड, फिंगरप्रिंट विशेषज्ञ और तकनीकी टीम की भी मदद ली गई। इस दौरान पुलिस ने आसपास के थाना क्षेत्रों से लापता महिलाओं की जानकारी जुटाई। इसी क्रम में डुमरी थाना क्षेत्र से 28 जनवरी को लापता हुई शाहिना परवीन का मामला सामने आया।

परिजनों को बुलाकर पहचान कराई गई, जिसके बाद शव की शिनाख्त चिनो गांव निवासी शाहिना परवीन के रूप में हुई। मृतका के पिता ताहुल अंसारी की शिकायत पर बगोदर थाना में हत्या और साक्ष्य मिटाने से संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया।

इसके बाद पुलिस ने छापेमारी कर पति जाबिर अंसारी और सास जैबुन निशा को गिरफ्तार किया। पूछताछ में दोनों ने साजिश में शामिल होने की बात स्वीकार की। एसपी के अनुसार, जाबिर अंसारी दूसरी शादी करना चाहता था और इसी कारण उसने पत्नी को रास्ते से हटाने की योजना बनाई।

योजना के तहत अन्य आरोपियों के साथ मिलकर शाहिना परवीन की हत्या की गई और सबूत मिटाने के लिए शव को जंगल में जलाकर फेंक दिया गया। मामले में दो नाबालिगों की संलिप्तता भी सामने आई है, जिन पर किशोर न्याय अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है। सभी गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है।

Share This Article
Live-7 TV
Leave a Comment