RANCHI
खादगढ़ा सब्जी मार्केट स्थित सरकारी क्वार्टर से दो नाबालिग सगे भाई पिछले 24 घंटे से लापता हैं। अब तक सुखदेवनगर थाना पुलिस को उनका कोई पता नहीं चल सका है। परिजनों का आरोप है कि जब वे बच्चों की तलाश के लिए थाना पहुंचे, तो पुलिस ने न तो उनका आवेदन तुरंत लिया और न ही मामले में गंभीरता दिखाई।
जानकारी के अनुसार, 5 अप्रैल की सुबह करीब 4 बजे पुनीत राम के दो बेटे—15 वर्षीय गोलू कुमार और 10 वर्षीय रजनीश कुमार—घर से निकले थे। देर शाम तक दोनों के वापस न लौटने पर परिवार वालों ने उनकी काफी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी।
पुनीत राम ने बताया कि थाना में आवेदन नहीं लिए जाने पर वे सिटी एसपी के पास पहुंचे। सिटी एसपी पारस राणा ने सोमवार को सुखदेवनगर थाना को तुरंत कार्रवाई करने का निर्देश दिया, जिसके बाद पुलिस ने उनका आवेदन दर्ज किया। फिलहाल, दोनों बच्चों का अब तक कोई सुराग नहीं मिला है और पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

