RANCHI
आजसू पार्टी से नए और शिक्षित युवाओं के जुड़ने का सिलसिला लगातार जारी है। इसी क्रम में पार्टी के रांची स्थित केंद्रीय कार्यालय में मिलन समारोह का आयोजन किया गया, जहां हजारीबाग लोकसभा के पूर्व प्रत्याशी अभिषेक कुमार और झारखंड जागो यात्रा के संयोजक मनमंत बैश ने अपने समर्थकों के साथ आजसू की सदस्यता ग्रहण की।

पार्टी अध्यक्ष सुदेश कुमार महतो और महासचिव संजय मेहता ने नए सदस्यों को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता दिलाई। इस अवसर पर बड़ी संख्या में युवा कार्यकर्ता और पार्टी पदाधिकारी मौजूद रहे।

समारोह को संबोधित करते हुए सुदेश कुमार महतो ने कहा कि शिक्षित और जागरूक युवाओं का पार्टी से जुड़ना झारखंड के भविष्य के लिए शुभ संकेत है। उन्होंने कहा कि आजसू युवाओं की पार्टी है और युवा भावनाओं का प्रतिनिधित्व करती है। पार्टी जनसरोकार के मुद्दों पर संघर्ष के लिए नए साथियों को मजबूत मंच उपलब्ध कराएगी।
उन्होंने कहा कि राजनीति केवल चुनाव तक सीमित नहीं है, बल्कि यह निरंतर संघर्ष का क्षेत्र है। झारखंड में मौजूदा हालात को देखते हुए एक नई राजनीतिक चेतना और जन आंदोलन की आवश्यकता है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हुई है और भ्रष्टाचार, बेरोजगारी, पलायन व कानून-व्यवस्था जैसे मुद्दों पर जनता निराश है।
युवा उम्मीदों को आजसू देगी दिशा: संजय मेहता
आजसू महासचिव संजय मेहता ने कहा कि राज्य की बड़ी आबादी युवाओं की है और उनकी अपेक्षाओं को पूरा करने की क्षमता आजसू पार्टी में है। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार के पास न तो स्पष्ट विजन है और न ही कोई ठोस रोडमैप। भ्रष्टाचार, माफिया गतिविधियों और बेरोजगारी ने युवाओं को हताश किया है। ऐसे में युवाओं को संगठित होकर बदलाव की लड़ाई लड़नी होगी।
उन्होंने नए सदस्यों को भरोसा दिलाया कि आजसू पार्टी उनके नेतृत्व कौशल को निखारने और जमीनी स्तर पर काम करने का पूरा अवसर देगी।
संघर्ष को आगे बढ़ाने का संकल्प: अभिषेक कुमार
पार्टी की सदस्यता लेने के बाद अभिषेक कुमार ने कहा कि आजसू से जुड़ना उनके राजनीतिक जीवन का अहम निर्णय है। उन्होंने कहा कि हजारीबाग में चुनाव के दौरान उन्होंने खनन प्रभावित क्षेत्रों, किसानों और बेरोजगार युवाओं की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया था। अब वे इन मुद्दों को आजसू के मंच से राज्य स्तर पर आगे बढ़ाएंगे।
झारखंड के दर्द को समझती है आजसू: मनमंत बैश
मनमंत बैश ने कहा कि झारखंड जागो यात्रा के दौरान उन्होंने युवाओं को जागरूक करने का प्रयास किया। आजसू पार्टी में शामिल होकर उन्हें लगा कि उनके विचारों को अब व्यापक मंच मिलेगा। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण, शिक्षा सुधार और सामाजिक न्याय जैसे मुद्दों पर पार्टी के साथ मिलकर काम करने की प्रतिबद्धता जताई।
इस अवसर पर कई अन्य युवाओं ने भी आजसू की सदस्यता ली। कार्यक्रम में पार्टी के केंद्रीय व जिला स्तर के कई पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

