मुख्यमंत्री ने अनुष्का के गांव में खेल मैदान बनाने और परिवार को योजनाओं से जोड़ने का किया निर्देश

Shashi Bhushan Kumar

झारखंड की अंतरराष्ट्रीय फुटबॉलर और प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार विजेता अनुष्का कुमारी ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से शिष्टाचार भेंट की। मुख्यमंत्री ने अनुष्का को नए साल और अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल में बेहतरीन प्रदर्शन के लिए बधाई दी और उन्हें खेल में आगे बढ़ने के लिए शुभकामनाएँ दी। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने अनुष्का को सम्मानित करते हुए स्पोर्ट्स किट भी प्रदान किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड में खेल प्रतिभाओं के लिए बेहतर वातावरण तैयार किया जा रहा है। राज्य सरकार खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने और उनकी हर जरूरत को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने जोर देकर कहा कि आर्थिक कठिनाइयाँ किसी खिलाड़ी की प्रतिभा को दबा नहीं सकतीं और खिलाड़ियों को हर संभव सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा।


मुख्यमंत्री ने रांची जिला प्रशासन को निर्देश दिया कि अनुष्का के ओरमांझी प्रखंड स्थित रुक्का गांव में खेल मैदान विकसित किया जाए। साथ ही उनके परिवार को सरकार की कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएँ।


अनुष्का की कहानी प्रेरणादायक है। आर्थिक कठिनाइयों के बावजूद उन्होंने फुटबॉल में अपनी अलग पहचान बनाई। उनके पिता दिव्यांग हैं और माता मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करती हैं। अनुष्का के भाई भी परिवार के लिए काम कर रहे हैं।

अनुष्का को 26 दिसंबर 2025 को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने ‘प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार’ से सम्मानित किया। इसके अलावा, वह मार्च 2026 में चीन में होने वाली एशियाई अंडर-17 फुटबॉल प्रतियोगिता में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करेंगी। पिछले साल भूटान में आयोजित सैफ अंडर-17 टूर्नामेंट में वह विजेता टीम की प्रमुख खिलाड़ी रही और सात गोल कर प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट बनी।

अनुष्का वर्तमान में हजारीबाग के आवासीय बालिका फुटबॉल प्रशिक्षण केंद्र में प्रशिक्षण ले रही हैं और इस वर्ष दसवीं की परीक्षा में भाग लेंगी।

Share This Article
Digital Head,Live-7, Committed to impactful journalism, Shashi Bhushan Kumar continues to bring meaningful narratives to the public with diligence and passion. Active Journalist since 2012.
Leave a Comment