जमशेदपुर में अपहृत कैरव गांधी और हत्याकांड के शिकार तारापद महतो के परिजनों से मिले सुदेश महतो

Shashi Bhushan Kumar

पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं आजसू पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश महतो ने आज जमशेदपुर में अपहृत व्यवसायी पुत्र कैरव गांधी के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया। वे आदित्यपुर स्मॉल इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के उपाध्यक्ष देवांग गांधी के आवास पहुंचे और करीब 40 मिनट तक परिजनों के साथ बातचीत की। इस दौरान उन्होंने कैरव गांधी की सकुशल वापसी के लिए अपने स्तर से हर संभव प्रयास करने का भरोसा दिया।

सुदेश महतो के साथ पूर्व मंत्री रामचंद्र सहिस, केंद्रीय उपाध्यक्ष प्रवीण प्रभाकर, महासचिव हरेलाल महतो, नंदू पटेल, जिलाध्यक्ष कन्हैया सिंह सहित कई पार्टी नेता मौजूद थे।

इसके बाद सुदेश महतो गालूडीह पहुंचे, जहां उन्होंने हत्याकांड के शिकार तारापद महतो की उपमुखिया पत्नी आशारानी महतो और अन्य परिजनों से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की।

कैरव गांधी के परिजनों से मिलने के बाद मीडिया से बातचीत में सुदेश महतो ने राज्य सरकार पर सवाल उठाते हुए कहा कि जब राज्य में असुरक्षा का माहौल बना हुआ है, तब मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के विदेश दौरे का क्या लाभ होगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री निवेश की संभावनाएं तलाशने के लिए लंदन और दावोस जा रहे हैं, लेकिन यदि राज्य की कानून-व्यवस्था दुरुस्त नहीं होगी तो निवेशक झारखंड आने से कतराएंगे।

सुदेश महतो ने कहा कि राज्य में लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाओं से व्यवसायियों और आम जनता के बीच भय का माहौल है। कानून-व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है और लोग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। अपराध पर अंकुश लगाने की जिम्मेदारी पुलिस प्रशासन और राज्य सरकार की है, जिससे सरकार बच नहीं सकती।

इस अवसर पर सत्यनारायण महतो, सुखबीर सिंह सिरे, अप्पू तिवारी, मंटू शुक्ला, ललित सिंह, चंद्रेश्वर पांडेय, दुर्योधन महतो, रामदेव हेंब्रम, राजू कर्मकार सहित अन्य नेता भी उपस्थित रहे।

Share This Article
Live-7 TV
Leave a Comment