अजित पवार के निधन को झारखंड के सीएम हेमंत सहित कई नेताओं ने बताया ‘अपूरणीय क्षति’

Shashi Bhushan Kumar

रांची, महाराष्ट्र के बारामती में बुधवार सुबह हुए विमान हादसे में उपमुख्यमंत्री एवं एनसीपी के वरिष्ठ नेता अजित पवार के निधन पर झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रमुख नेताओं ने गहरा शोक जताया और इसे देश एवं महाराष्ट्र की राजनीति के लिए अपूरणीय क्षति बताया।

झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, ”बारामती में हुए प्लेन क्रैश में महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार सहित अन्य लोगों के आकस्मिक निधन का समाचार अत्यंत हृदयविदारक है। अजित पवार का असामयिक निधन महाराष्ट्र की राजनीति के लिए अपूरणीय क्षति है।”

उन्होंने मरांग बुरु (ईश्वर) से दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोकाकुल परिवारजनों, पार्टी कार्यकर्ताओं और शुभचिंतकों को इस विकट दुख की घड़ी सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की।

राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने भी इस दुखद घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने अपने संदेश में लिखा कि बारामती में हुए विमान हादसे में महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार समेत अन्य लोगों की मृत्यु की खबर से वह मर्माहत हैं। उन्होंने बाबा बैद्यनाथ से दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करने और शोकाकुल परिवारों को इस पीड़ा को सहने की शक्ति देने की कामना की।

भारतीय जनता पार्टी के झारखंड प्रदेश अध्यक्ष और सांसद आदित्य साहू ने इसे अत्यंत दुखद और हृदय विदारक घटना बताया। उन्होंने कहा कि इस भीषण हवाई जहाज दुर्घटना में महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार सहित कई लोगों का निधन हुआ है। ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति दें और शोक संतप्त परिवारों को इस अपार दुख को सहने की शक्ति प्रदान करें।

राज्यसभा सांसद प्रदीप वर्मा ने भी सोशल मीडिया पर शोक व्यक्त करते हुए लिखा कि एनसीपी नेता एवं महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार के प्लेन क्रैश में निधन की खबर से वह निशब्द और स्तब्ध हैं। उन्होंने इसे भारतीय राजनीति के लिए अपूरणीय क्षति बताया और हादसे में जान गंवाने वाले अन्य लोगों के प्रति भी गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं।

Share This Article
Digital Head,Live-7, Committed to impactful journalism, Shashi Bhushan Kumar continues to bring meaningful narratives to the public with diligence and passion. Active Journalist since 2012.
Leave a Comment