बिहार के 5 जिलों को बम से उड़ाने की धमकी, सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर

Shashi Bhushan Kumar

बिहार के भागलपुर, समस्तीपुर, सीवान, बेगूसराय और मुजफ्फरपुर जिलों के सिविल कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से राज्यभर में हड़कंप मच गया है। यह धमकी आधिकारिक ई-मेल के माध्यम से दी गई है, जिसमें कथित तौर पर विस्फोट का समय और तरीका भी बताया गया है। सूचना मिलते ही सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड में आ गई हैं और सभी संबंधित कोर्ट परिसरों की सुरक्षा कड़ी कर दी गई है।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि धमकी भरा ई-मेल तमिलनाडु से भेजा गया है। भागलपुर के प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश को मेल मिलने के बाद तत्काल पटना हाईकोर्ट और स्थानीय प्रशासन को सूचित किया गया। इसके बाद सभी पांचों जिलों के कोर्ट परिसरों में सघन तलाशी अभियान शुरू किया गया। प्रवेश और निकास बिंदुओं पर सख्त जांच की जा रही है।

इस बीच राजधानी पटना के सिविल कोर्ट परिसर में चेकिंग के दौरान पुलिस ने हथियार के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, दो युवक कोर्ट परिसर में हथियार लेकर प्रवेश करने की कोशिश कर रहे थे, जिनमें से एक को पकड़ लिया गया, जबकि दूसरा फरार हो गया। पकड़े गए युवक से पूछताछ की जा रही है और फरार आरोपी की तलाश में छापेमारी जारी है।

धमकी के बाद कई जिलों में एहतियातन कोर्ट परिसरों को खाली कराया गया। बेगूसराय में ई-मेल में दिए गए संभावित समय का हवाला देते हुए पूरे परिसर को सील कर दिया गया। समस्तीपुर और सीवान में डॉग स्क्वायड और बम निरोधक दस्तों की मदद से कोर्ट परिसर के हर हिस्से की जांच की गई। वकीलों, कर्मचारियों और आम लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने के निर्देश दिए गए।

उल्लेखनीय है कि बिहार के न्यायालयों को इससे पहले भी धमकियां मिल चुकी हैं। 8 जनवरी को भी पटना, किशनगंज, गया और मधुबनी के सिविल कोर्ट को विस्फोट की धमकी दी गई थी। लगातार मिल रही ऐसी धमकियों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस मुख्यालय अब तकनीकी विशेषज्ञों की मदद से ई-मेल के स्रोत और भेजने वालों की पहचान करने में जुटा है। सुरक्षा एजेंसियों ने आश्वासन दिया है कि स्थिति पर पूरी नजर रखी जा रही है और किसी भी संभावित खतरे से निपटने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

Share This Article
Live-7 TV
Leave a Comment