सहरसा की तुषा तान्या को अमेरिका में एमीटेक से 70 लाख वार्षिक पैकेज का मिला ऑफर

Shashi Bhushan Kumar

सहरसा। महिषी प्रखंड की होनहार बेटी तुषा तान्या ने एक बार फिर जिले और बिहार का मान बढ़ाया है। अमेरिका की प्रतिष्ठित कंपनी एमीटेक (AMETEK) इंस्ट्रूमेंट इंडिया प्राइवेट लिमिटेड ने तुषा को 70 लाख रुपये के वार्षिक पैकेज पर नियुक्ति का प्रस्ताव दिया है। कंपनी ने साथ ही 10 लाख रुपये का ज्वाइनिंग बोनस भी देने की घोषणा की है। तुषा को यह ऑफर लेटर 2 दिसंबर 2025 को मिला है, और वह 15 जनवरी 2026 को कंपनी ज्वाइन करेंगी।

तुषा तान्या को कंपनी में “टेक्निकल लीड–मिक्स्ड सिग्नल डिजाइन” जैसे महत्वपूर्ण और वरिष्ठ पद के लिए चुना गया है। जानकारी के अनुसार, वह एमीटेक के इतिहास में पहली महिला तकनीकी प्रमुख बनेंगी। उनकी इस उपलब्धि से परिवार और क्षेत्र में खुशी की लहर है। गांव के लोग उन्हें लगातार बधाइयाँ दे रहे हैं।

तुषा, राजेंद्र मिश्र महाविद्यालय सहरसा के पूर्व प्राचार्य प्रो. डॉ. अमरनाथ चौधरी और मधु चौधरी की छोटी पुत्री हैं। बचपन से ही मेधावी रहीं तुषा ने बीआईटी मेसरा से बीटेक, एनआईटी दुर्गापुर से एमटेक (गोल्ड मेडल) और वर्तमान में आईआईटी दिल्ली से पीएचडी कर रही हैं। उनका शोध कार्य रक्षा क्षेत्र में उपयोग होने वाले कैमरा चिप डिजाइन से संबंधित है।

एमीटेक में मिक्स्ड सिग्नल डिजाइन की टेक्निकल लीड का पद उच्च स्तरीय इंजीनियरिंग प्रोफाइल माना जाता है, जिसमें एनालॉग और डिजिटल दोनों विशेषज्ञता के साथ एकीकृत सर्किट (IC) विकास पर काम किया जाता है।

तुषा ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, बड़ी बहन श्रुति सौम्या, जीजा इंजीनियर हेमंत कुमार झा और अपने शिक्षकों को दिया है। वर्तमान में उनके माता-पिता सहरसा में ही निवास करते हैं।

Share This Article
Live-7 TV
Leave a Comment