रांची नगर निगम की पहल, स्वर्णरेखा ग्रुप ऑफ इंस्टिट्यूशन के विद्यार्थियों को मिले फलदार पौधे

Shashi Bhushan Kumar

रांची नगर निगम की ओर से समर्पण चैरिटेबल ट्रस्ट के सहयोग से गुरुवार, 29 नवंबर को बरियातू रोड स्थित स्वर्णरेखा ग्रुप ऑफ इंस्टिट्यूशन में पर्यावरण संरक्षण को लेकर एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान नर्सिंग, फार्मेसी और पारा मेडिकल के सैकड़ों विद्यार्थियों के बीच 100 फलदार पौधों का वितरण किया गया।

कार्यक्रम के अंतर्गत समर्पण चैरिटेबल ट्रस्ट और रिलेशंस के संयुक्त तत्वावधान में पर्यावरण संरक्षण विषय पर एक जागरूकता सेमिनार भी आयोजित किया गया। सेमिनार में विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं और सभी को पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी निभाने की शपथ दिलाई गई।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में झारखंड के चार्टर्ड अकाउंटेंट एवं समाजसेवी दीपक बंका उपस्थित रहे। वहीं विशिष्ट अतिथियों में उप प्रशासक रविंद्र कुमार, सहायक अभियंता सौरभ कुमार केसरी, स्वर्णरेखा ग्रुप ऑफ इंस्टिट्यूशन के निदेशक डॉ. सिद्धार्थ प्रकाश, रिलेशंस के निदेशक आशुतोष द्विवेदी, रांची नगर निगम के सुपरवाइजर लोकेश कुमार, समर्पण चैरिटेबल ट्रस्ट के मैनेजिंग ट्रस्टी आनंद केडिया, उमेश केडिया, स्मिता केडिया और सुधाकर यादव शामिल रहे।

अतिथियों ने अपने संबोधन में कहा कि पर्यावरण जागरूकता अभियान के माध्यम से राजधानी रांची में जनभागीदारी बढ़ाने की आवश्यकता है। शहर में हरियाली बढ़ाना, प्रदूषण कम करना और सतत विकास को बढ़ावा देना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने वृक्षारोपण, जल संरक्षण, अपशिष्ट प्रबंधन और प्लास्टिक मुक्त पर्यावरण पर विशेष जोर दिया।

कार्यक्रम को सफल बनाने में स्वर्णरेखा कॉलेज ऑफ फार्मेसी के प्राचार्य डॉ. विद्यासागर, स्वर्णरेखा कॉलेज ऑफ नर्सिंग की प्राचार्या सोनी प्रसाद सहित रजनीश झा, नेहा चौहान, नीलोफर ज़मीर, डोली कच्छप, अन्नू कुमारी, सिकंदर यादव, तान्या कुमारी, अलका सुधा कुजूर, सलोनी सोनी और अनीता बासकी सहित कई लोगों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
यह जानकारी अमन द्वारा दी गई।

Share This Article
Digital Head,Live-7, Committed to impactful journalism, Shashi Bhushan Kumar continues to bring meaningful narratives to the public with diligence and passion. Active Journalist since 2012.
Leave a Comment