RANCHI
नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने झारखंड में नगर निकाय चुनावों को लेकर राज्य सरकार पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने मांग की है कि निकाय चुनाव अद्यतन मतदाता सूची के आधार पर कराए जाएं, ताकि किसी भी मतदाता को उसके संवैधानिक अधिकार से वंचित न होना पड़े।
बाबूलाल मरांडी ने कहा कि जानकारी मिल रही है कि राज्य में नगर निकाय चुनाव अक्टूबर 2024 की मतदाता सूची के आधार पर कराने की तैयारी की जा रही है। उन्होंने बताया कि यदि ऐसा होता है तो 1 अक्टूबर 2024 के बाद मतदाता सूची में जुड़े नए मतदाता और स्थान परिवर्तन कराने वाले मतदाता अपने मतदान अधिकार से वंचित रह जाएंगे।
उन्होंने कहा कि यह सर्वविदित है कि मतदाता सूची का वार्षिक और अर्द्धवार्षिक पुनरीक्षण नियमित रूप से किया जाता है। इसके बावजूद यदि पुराने वोटर लिस्ट के आधार पर चुनाव कराए जाते हैं, तो यह लोकतांत्रिक मूल्यों और संविधान की भावना के विपरीत होगा।
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि लोकतंत्र में प्रत्येक नागरिक का मताधिकार सर्वोपरि है और किसी भी वर्ग को इससे बाहर रखना गंभीर अन्याय होगा। उन्होंने राज्य सरकार से स्पष्ट मांग की कि नगर निकाय चुनाव अद्यतन मतदाता सूची के आधार पर कराए जाएं, ताकि शहरी सरकार के चुनाव में हर मतदाता की समान और निष्पक्ष भागीदारी सुनिश्चित हो सके।

