RANCHI
रांची : नगर निगम चुनाव को लेकर गुरुवार से नामांकन प्रक्रिया की शुरुआत हो गई। पहले दिन रांची समाहरणालय और बुंडू अनुमंडल कार्यालय में संभावित उम्मीदवारों और उनके समर्थकों की अच्छी-खासी मौजूदगी देखने को मिली। हालांकि, पहले दिन किसी भी प्रत्याशी ने नामांकन पत्र दाखिल नहीं किया, लेकिन नामांकन फॉर्म खरीदने वालों की संख्या उत्साहजनक रही।
रांची नगर निगम: वार्ड 34 में सबसे अधिक फॉर्म की बिक्री
रांची नगर निगम क्षेत्र में महापौर पद के लिए कुल छह नामांकन फॉर्म बेचे गए। वहीं, 53 वार्डों के पार्षद पद के लिए कुल 211 फॉर्म की बिक्री हुई।
वार्डवार आंकड़ों की बात करें तो वार्ड संख्या 34 में सबसे अधिक 14 नामांकन फॉर्म खरीदे गए। इसके बाद वार्ड 31 में 8 फॉर्म, जबकि वार्ड 4 और 46 में 7-7 फॉर्म की बिक्री हुई। वार्ड 24, 25 और 50 में भी अपेक्षाकृत अच्छी संख्या में फॉर्म लिए गए। इसके विपरीत, वार्ड 17 और वार्ड 19 में पहले दिन एक भी नामांकन फॉर्म नहीं बिक सका।
बुंडू नगर पंचायत में दिखा कम उत्साह
बुंडू नगर पंचायत क्षेत्र में पहले दिन चुनावी गतिविधियां सीमित रहीं। अध्यक्ष पद के लिए एक भी नामांकन फॉर्म नहीं खरीदा गया। हालांकि, वार्ड पार्षद पद के लिए कुल पांच फॉर्म की बिक्री हुई। वार्ड संख्या 1, 2, 8, 11 और 12 में एक-एक फॉर्म लिया गया, जबकि अन्य वार्डों में कोई खास हलचल नहीं दिखी।
प्रशासन के अनुसार, आगामी दिनों में नामांकन प्रक्रिया के साथ चुनावी गतिविधियों में तेजी आने की संभावना है।

