पोलैंड के उप विदेश मंत्री का दावा: “पीएम मोदी ने रूस को यूक्रेन पर परमाणु हमला करने से रोका”

Shashi Bhushan Kumar

नई दिल्ली: पोलैंड के उप विदेश मंत्री व्लादिस्लाव बार्टोशेव्स्की ने वैश्विक राजनीति में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की भूमिका की सराहना करते हुए बड़ा दावा किया है कि पीएम मोदी के हस्तक्षेप से रूस ने यूक्रेन पर परमाणु हमला करने की योजना से कदम पीछे खींचे थे।

आईएएनएस को दिए एक विशेष साक्षात्कार में बार्टोशेव्स्की ने कहा कि पोलैंड और भारत के बीच बहुत अच्छे संबंध हैं और उनका देश अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत की बढ़ती भूमिका को सम्मान की दृष्टि से देखता है।

रूस–यूक्रेन युद्ध का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि 2022 के अंत में पीएम मोदी ने रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से बात की थी और उन्हें यूक्रेन में सामरिक परमाणु हथियार इस्तेमाल करने से रोकने की कोशिश की थी। उनके अनुसार, यह भारत की सकारात्मक और जिम्मेदार कूटनीतिक भूमिका को दर्शाता है।

पीएम मोदी के पोलैंड दौरे को याद करते हुए उन्होंने कहा कि 2024 में भारत और पोलैंड के बीच रणनीतिक साझेदारी समझौता हुआ था। करीब 45 वर्षों बाद किसी भारतीय प्रधानमंत्री की यह पहली पोलैंड यात्रा थी, जिसे उन्होंने ऐतिहासिक बताया। उन्होंने यह भी कहा कि अब पोलैंड यूरोपीय संघ के साथ हुए विदेश व्यापार समझौते (FTA) का हिस्सा है।

उन्होंने बताया कि हाल ही में विदेश मंत्रालय स्तर की बैठक में दोनों देशों के बीच रक्षा सहयोग, डिजिटल उद्योग, सुरक्षा, आईटी निवेश, अंतरिक्ष क्षेत्र और अन्य रणनीतिक मुद्दों पर चर्चा हुई है।

भारत-अमेरिका व्यापार समझौते पर प्रतिक्रिया देते हुए बार्टोशेव्स्की ने कहा कि भारत आज दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है और जल्द ही तीसरी सबसे बड़ी बनने की दिशा में बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि इतने बड़े बाजार को नजरअंदाज करना सही नहीं होगा।

उन्होंने यह भी कहा कि व्यापार समझौता होना बेहतर है, क्योंकि अधिक टैरिफ का बोझ अंततः उपभोक्ताओं पर ही पड़ता है। इसलिए भारत और अमेरिका के बीच टैरिफ में कटौती वाला समझौता सकारात्मक कदम है।

गुरुवार को विदेश मंत्रालय में सचिव (पश्चिम) सिबी जॉर्ज और बार्टोशेव्स्की के बीच उच्चस्तरीय बैठक हुई थी, जिसमें दोनों देशों की द्विपक्षीय रणनीतिक साझेदारी और 2024–2028 कार्ययोजना की समीक्षा की गई।

Share This Article
Digital Head,Live-7, Committed to impactful journalism, Shashi Bhushan Kumar continues to bring meaningful narratives to the public with diligence and passion. Active Journalist since 2012.
Leave a Comment