राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित हुआ झारखंड का आयुष्मान आरोग्य लोकेटर, नागरिकों को मिलेगी बेहतर स्वास्थ्य सुविधा

Shashi Bhushan Kumar

झारखंड ने डिजिटल स्वास्थ्य के क्षेत्र में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि दर्ज की है। राज्य की नागरिक-केंद्रित पहल आयुष्मान आरोग्य लोकेटर को प्रतिष्ठित SKOCH अवॉर्ड 2025 से सम्मानित किया गया है। यह पुरस्कार 11 जनवरी को दिल्ली में आयोजित सम्मान समारोह में प्रदान किया गया।

स्वास्थ्य विभाग, झारखंड के अंतर्गत आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन के तहत विकसित इस पहल के लिए मिशन डायरेक्टर सह अपर सचिव विद्यानंद शर्मा पंकज और उनकी टीम को सम्मानित किया गया। दिल्ली स्थित इंडिया हेरिटेज सेंटर में आयोजित कार्यक्रम में एबीडीएम के संयुक्त निदेशक सहित विभागीय टीम के अन्य सदस्य भी उपस्थित रहे।

आयुष्मान आरोग्य लोकेटर को आम नागरिकों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए तैयार किया गया है। इसके माध्यम से लोग एक साधारण गूगल सर्च के जरिए अपने आसपास उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं की प्रमाणिक जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। प्लेटफॉर्म पर स्वास्थ्य संस्थानों की तस्वीरें, लोकेशन, संपर्क नंबर और उपलब्ध सेवाओं का विवरण दिया गया है। इसमें स्वास्थ्य उप-केंद्र स्तर तक मैपिंग की गई है, जिससे ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच और दृश्यता बढ़ी है।

SKOCH समूह देशभर में विभिन्न क्षेत्रों में किए गए नवाचारी और प्रभावी कार्यों के मूल्यांकन के बाद यह सम्मान प्रदान करता है। इस उपलब्धि के साथ झारखंड ने डिजिटल नवाचार के जरिए स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक सुलभ, पारदर्शी और नागरिक-केंद्रित बनाने की अपनी प्रतिबद्धता को राष्ट्रीय स्तर पर रेखांकित किया है।

यह पहल स्वास्थ्य सेवाओं में पारदर्शिता को बढ़ावा देती है और लोगों के लिए समय पर इलाज तक पहुंच को आसान बनाती है। आयुष्मान आरोग्य लोकेटर को आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन और विकसित भारत के दृष्टिकोण के अनुरूप डिजिटल स्वास्थ्य प्रणाली को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Share This Article
Live-7 TV
Leave a Comment