इंदौर अग्निकांड: बिहार के 6 लोगों की मौत पर सीएम नीतीश ने जताया शोक, पीड़ित परिवारों के लिए आर्थिक सहायता की घोषणा

Shashi Bhushan Kumar

पटना, LIVE 7 TV-बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मध्य प्रदेश के इंदौर में इलेक्ट्रिक कार के चार्जिंग प्वाइंट में शॉर्ट सर्किट से घर में लगी आग से बिहार के किशनगंज जिले के रहने वाले छह लोगों की मौत पर गहरी शोक संवेदना व्यक्त की है। मुख्यमंत्री ने इस घटना को काफी दुखद बताया है। मुख्यमंत्री ने गुरुवार को मृतकों के शोक संतप्त परिवार को मुख्यमंत्री राहत कोष से दो-दो लाख रुपये अनुग्रह अनुदान देने का निर्देश दिया है।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने स्थानिक आयुक्त, नई दिल्ली को निर्देश दिया है कि मध्य प्रदेश सरकार से आवश्यक समन्वय स्थापित कर मृतकों के पार्थिव शरीर को उनके गांव तक पहुंचाने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करें। मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्मा की चिर शांति और उनके परिजनों को दुख की इस घड़ी में धैर्य धारण करने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की है।

बता दें कि मध्य प्रदेश के इंदौर में कार चार्जिंग के दौरान शॉर्ट सर्किट की वजह से आग लग गई, जिसने विकराल रूप ले लिया। इस हादसे में बिहार के किशनगंज के रहने वाले छह लोगों की मौत हो गई। मिली जानकारी के अनुसार, बुधवार को बंगाली चौराहा क्षेत्र में स्थित बृजेश्वरी कॉलोनी में कार को चार्ज किया जा रहा था, तभी चार्जिंग के दौरान आग लग गई और देखते ही देखते इस आग ने विकराल रूप ले लिया। पूरी इमारत में आग की लपटें नजर आने लगीं। इस आग की चपेट में घर के अंदर रखे गैस सिलेंडर भी आ गए और एक-एक कर कई गैस सिलेंडर में धमाका हुआ। इसके चलते मकान का कुछ हिस्सा भी ढह गया।

बताया गया कि इंदौर के बंगाली चौराहे के पास हुई इस घटना के शिकार विजय सेठिया की बेटी रुचिका, नाती तन्य जैन, नातिन राशि जैन मंगलवार की रात ही इंदौर अपने फूफा के घर पहुंची थी। रुचिका अपने बीमार पिता से मिलने गई थी, जबकि कार्तिक सेठिया अपने ताऊ और ताई से मिलने गए थे। रुचिका के पिता विजय सेठिया लगभग एक महीने से इंदौर में अपने बहनोई के घर पर इलाज के लिए रुके थे, तो बेटी रुचिका अपने बच्चों के साथ पिता को देखने गई थी। विजय सेठिया किशनगंज में 30 से 40 वर्षों से किराए के मकान में रहते थे।

Share This Article
शशी भूषण कुमार | पत्रकार (Journalist)- शशी भूषण कुमार 12+ वर्षों के अनुभव वाले पत्रकार हैं। प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया में कार्य करते हुए वर्तमान में Live 7 TV.com में सीनियर प्रोड्यूसर के रूप में संपादकीय नेतृत्व और न्यूज़ प्लानिंग की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। वे पिछले तीन वर्षों से झारखंड स्टेट ओपन यूनिवर्सिटी में पत्रकारिता विभाग के गेस्ट फैकल्टी भी हैं। ग्रामीण पत्रकारिता पर शोध कार्य से जुड़े रहते हुए वे जमीनी और आदिवासी क्षेत्रों की आवाज़ को मुख्यधारा तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
Leave a Comment