समुद्र में फंसे भारतीय कैप्टन की मौत, रांची के अरगोड़ा में परिजनों में शोक

Shashi Bhushan Kumar

दुबई के पास समुद्र में फंसे कैप्टन की मौत, मेडिकल मदद न मिलने से बिगड़ी हालत

होर्मुज संकट बना जानलेवा, भारतीय कैप्टन की हार्ट अटैक से मौत

पश्चिम एशिया में तनावपूर्ण हालात के बीच होर्मुज क्षेत्र में फंसे एक भारतीय जहाज के कैप्टन राकेश रंजन सिंह का निधन हो गया। 47 वर्षीय कैप्टन सिंह का परिवार रांची के अरगोड़ा इलाके के वसुंधरा अपार्टमेंट में रहता है, जबकि वे मूल रूप से बिहार के नालंदा जिले के बिहारशरीफ के निवासी थे।

मिली जानकारी के अनुसार, कैप्टन सिंह 2 फरवरी को छुट्टी समाप्त होने के बाद शिप “अवाना” पर ड्यूटी के लिए लौटे थे। यह जहाज तेल लोड करने के लिए होर्मुज क्षेत्र गया था। 1 मार्च को तेल भरने के बाद जहाज भारत के लिए रवाना हुआ, लेकिन दुबई के पास समुद्र में क्षेत्रीय तनाव के कारण उसे बीच में ही रुकना पड़ा। जहाज पर करीब 35 लोग सवार थे, जो लगभग 18 दिनों तक समुद्र में ही फंसे रहे। इस दौरान पर्याप्त चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध नहीं थीं।

बताया जाता है कि 18 मार्च को कैप्टन सिंह की तबीयत अचानक खराब हो गई। जहाज प्रबंधन ने दुबई एयर ट्रैफिक कंट्रोल से एयर एंबुलेंस की अनुमति मांगी, लेकिन मौजूदा परिस्थितियों के कारण इसकी मंजूरी नहीं मिल सकी। बाद में उन्हें नाव के जरिए तट तक लाया गया, जिसमें काफी समय लग गया।

समय पर इलाज न मिल पाने के कारण उनकी स्थिति लगातार बिगड़ती गई और अंततः हार्ट अटैक से उनका निधन हो गया।

फिलहाल उनका शव दुबई के शेख राशिद अस्पताल की मॉर्चरी में रखा गया है। परिवार के अनुसार, पार्थिव शरीर को भारत लाने की प्रक्रिया जारी है। पटना पहुंचने के बाद अंतिम संस्कार के लिए शव को बिहारशरीफ ले जाया जाएगा।

Share This Article
शशी भूषण कुमार | पत्रकार (Journalist)- शशी भूषण कुमार 12+ वर्षों के अनुभव वाले पत्रकार हैं। प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया में कार्य करते हुए वर्तमान में Live 7 TV.com में सीनियर प्रोड्यूसर के रूप में संपादकीय नेतृत्व और न्यूज़ प्लानिंग की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। वे पिछले तीन वर्षों से झारखंड स्टेट ओपन यूनिवर्सिटी में पत्रकारिता विभाग के गेस्ट फैकल्टी भी हैं। ग्रामीण पत्रकारिता पर शोध कार्य से जुड़े रहते हुए वे जमीनी और आदिवासी क्षेत्रों की आवाज़ को मुख्यधारा तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
Leave a Comment